
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मंगलवार को स्कूल से घर लौटते समय पानी से भरी सड़क के किनारे एक 11 साल की बच्ची खुले नाले में गिर गई. इसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है. स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ एनडीआरएफ भी रेस्क्यू में लगा है. अब तलाशी का दायरा बढ़ा दिया गया है.
आपको बता दें कि नगर के मोहल्ला साठा (धर्मपाल वाली गली) निवासी रिंकू कश्यप की बेटी चारू पास के स्कूल में पढ़ती थी. मंगलवार दोपहर मूसलाधार बारिश के बीच स्कूल प्रबंधन ने छुट्टी कर दी और उसे अकेले घर भेज दिया. उस समय सड़कों पर लगभग दो फीट तक पानी भरा था.
इसी दौरान स्कूल से घर लौटते समय चारू एक दुकान के सामने बने खुले नाले में गिर गई. तेज बहाव के कारण वह इस नाले में बह गई. चश्दीदों के मुताबिक, पानी का बहाव इतना तेज था कि पलक झपकते बच्ची गायब हो गई. 24 घंटे से ज्यादा बीत चुके हैं मगर चारू की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है.
पूरे मामले में सर्कल ऑफिसर शोभित कुमार ने न्यूज एजेंसी को बताया कि नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), फ्लड PAC, नगर परिषद और स्थानीय गोताखोरों की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं. उन्होंने कहा, "पानी भरा होने के कारण लड़की को पता नहीं चला कि नाले का एक हिस्सा खुला हुआ है, और इसी वजह से यह घटना हुई."

वहीं, नगर परिषद की अध्यक्ष दीप्ति मित्तल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी एक स्थानीय पार्षद से मिली. मित्तल ने कहा, "लड़की स्कूल से लौट रही थी तभी वह नाले में बह गई. नगर परिषद और ज़िला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं. हम उसकी सलामती की दुआ करते हैं."
उधर, तलाशी का दायरा बढ़ाते हुए NDRF ने अपनी खोजी नाव काली नदी में भी उतार दी है. इसी नदी में वो नाला गिरता है जिसमें मासूम गिरी थी. सभी लोग बच्ची के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं. वहीं, परिवार में चीख-पुकार मची है.