पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गोंडा के कोतवाली देहात अंतर्गत वीर सिंहपुर में 2 जुलाई को हुए एक सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत के लिए जल जीवन मिशन को जिम्मेदार ठहराया है. गोरखपुर से सरिया लादकर आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक हरखापुर मार्ग पर जल जीवन मिशन द्वारा खोदे गए गड्ढे में धंसकर अचानक पलट गया था. बेलसर ब्लॉक के चांदपुर गांव में मृतक पासवान (दलित) समाज के परिवारों से मिलने पहुंचे बृजभूषण सिंह ने अधिकारियों की इस लापरवाही पर सरकार से सख्त संज्ञान लेने, मुकदमा दर्ज करने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
'बनी-बनाई सड़क तोड़ देते हैं, यह हत्या नहीं लापरवाही है'
चांदपुर गांव में शोकाकुल परिवारों के बीच बैठे बृजभूषण सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वायरल वीडियो में पूर्व सांसद कहते हैं कि यह समस्या सिर्फ इस गांव की नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में जल जीवन मिशन का यही काम है. वे बनी-बनाई सड़कों को खोद देते हैं और उन्हें वापस उनके वास्तविक स्वरूप में नहीं लाते. अधिकारियों की इसी घोर लापरवाही के कारण इतना बड़ा हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी. किसी ने अपना भाई खोया है तो किसी ने अपना बेटा.
'अगर सच बोलता हूं, तो लोग कहते हैं सरकार के खिलाफ हूं'
प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल उठाते हुए बृज भूषण सिंह ने कहा कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी अब तक शासन-प्रशासन की तरफ से कोई सुध लेने नहीं आया है, यहां तक कि लेखपाल भी पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं पहुंचा. उन्होंने भावुक होकर कहा कि जब मैं जनता की इन परेशानियों पर आवाज उठाता हूं, तो लोग कहते हैं कि मैं अपनी ही सरकार के खिलाफ बोल रहा हूं. लेकिन ऐसी स्थिति में चुप कैसे रहा जाए? अधिकारियों की इस मनमानी और लापरवाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना ही चाहिए.
सरिया लदा ट्रक पलटने से दबाकर हुई थी मौत
यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब गोरखपुर से सरिया लादकर आ रहा ट्रक रगड़गंज बाजार पहुंचा था. वहां से स्थानीय सात मजदूर ट्रक पर सवार हुए थे, जिनमें चश्मदीद राम कुमार भी शामिल था. वीर सिंहपुर के पास रास्ता खराब होने के कारण ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. कूदने की वजह से कुछ मजदूर तो बच गए, लेकिन रामगुलाम (50 वर्ष), राजिंदर और रविंदर सरियों के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. आज इन्हीं मृतकों के घर पहुंचकर पूर्व सांसद ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.