उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर क्षेत्र में एक युवती के साथ पहचान छिपाकर सात साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का मामला सामने आया है. आरोप है कि हबीब्बाला गांव के रहने वाले सलमान ने अपना नाम संदीप बताकर देवरिया की 28 वर्षीय युवती से दोस्ती की. इसके बाद उसे शादी का भरोसा दिया और दोनों साथ रहने लगे. करीब सात साल तक चले इस रिश्ते में उनके तीन बच्चे भी हुए. लेकिन इस दौरान युवती को युवक की असली पहचान की जानकारी नहीं थी. मामला तब सामने आया, जब युवती बच्चों को टीका लगवाने गई और आधार कार्ड से युवक का असली नाम पता चला. इसके बाद विवाद हुआ और युवती ने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, देवरिया की रहने वाली 28 वर्षीय युवती वर्ष 2019 से चंडीगढ़ के एक मॉल में नौकरी करती थी. इसी दौरान बिजनौर के धामपुर क्षेत्र के हबीब्बाला गांव का रहने वाला सलमान ऑटो चलाता था. वह रोजाना युवती को ऑटो से लाने और ले जाने का काम करता था. इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ गई. आरोप है कि सलमान ने युवती को अपना नाम संदीप बताया था. युवती उसकी असली पहचान से अनजान थी. समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. सलमान ने युवती से शादी करने का वादा किया और इसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. दोनों करीब सात साल तक साथ रहे. इस दौरान उनके तीन बच्चे हुए. युवती का आरोप है कि इतने लंबे समय तक साथ रहने के बावजूद उसे सलमान की असली पहचान के बारे में पता नहीं चला.
गांव पहुंचने के बाद आधार कार्ड से खुला असली पहचान का राज
कुछ समय पहले सलमान युवती और बच्चों को अपने गांव हबीब्बाला लेकर आया. युवती करीब एक महीने तक वहां रही. इसी दौरान बच्चों को टीका लगवाने के लिए जाने पर आधार कार्ड के जरिए उसे पता चला कि जिस व्यक्ति को वह संदीप समझ रही थी, उसका असली नाम सलमान है. असली नाम सामने आने के बाद युवती ने इस बारे में सवाल उठाए और विरोध किया. आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और सलमान ने उसके साथ मारपीट की. महिला का आरोप है कि सलमान तीनों बच्चों को अपने पास रखकर उसे घर से निकाल दिया. इस घटना के बाद युवती ने पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की. हालांकि, उसका कहना है कि शुरुआत में उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई.
बिजनौर के पुलिस अधीक्षक के.के. बिश्नोई के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि सलमान कुछ समय पहले उसे और बच्चों को अपने गांव लेकर आया था. वहां सलमान के परिजनों ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया. युवती ने इसका विरोध किया. इसके बाद सलमान पर उसके साथ मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया गया है. पुलिस अधीक्षक के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने जबरन संबंध बनाने, नाम बदलकर शादी करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोपों से जुड़े मामले में कार्रवाई की है. इन आरोपों की जांच की जा रही है.
युवती का मेडिकल कराया गया, बयान लेने की प्रक्रिया जारी
शिकायत मिलने के बाद धामपुर थाने में सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने चंडीगढ़ में दबिश दी और सलमान को गिरफ्तार कर लिया.पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है. उसके बयान लेने की प्रक्रिया भी जारी है. पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है. फिलहाल इस प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और आगे की कार्रवाई जारी है. इस मामले में युवती की शिकायत, पहचान छिपाने के आरोप, शादी का भरोसा देने, मारपीट और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने जैसे बिंदुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.