scorecardresearch
 

शादी वाले घर की बत्ती गुल: इधर निकल रही थी बारात, उधर पोल पर चढ़कर काट दी दूल्हे के घर की लाइट, बिजनौर में बिजली विभाग का कारनामा

बिजनौर के नूरपुर में बिजली विभाग की एक कथित लापरवाही ने शादी वाले घर का जश्न फीका कर दिया. जब दूल्हा बारात ले जाने के लिए तैयार हो रहा था, तभी बिना किसी नोटिस के लाइनमैन ने घर की बिजली काट दी, जिससे पूरा परिवार रिश्तेदारों के सामने शर्मिंदा हो गया.

Advertisement
X
बिजनौर में दूल्हे ने लगाए बिजली विभाग पर आरोप (Photo- Screengrab)
बिजनौर में दूल्हे ने लगाए बिजली विभाग पर आरोप (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: बिजनौर के नूरपुर स्थित डायमंड कॉलोनी निवासी शुभम चौहान के घर 19 फरवरी की शाम बारात निकलने की तैयारी हो रही थी. घर में डीजे बज रहा था और मेहमानों के बीच जश्न का माहौल था. इसी बीच बिजली विभाग का एक लाइनमैन अचानक पहुंचा और बिना किसी नोटिस या सूचना के पोल पर चढ़कर बिजली काट दी. 

दूल्हे शुभम के अनुसार, उनका बिल जमा है और घर में मीटर भी लगा है. बिजली कटने से शादी की सजावट और डीजे ठप हो गया, जिससे परिवार को भारी परेशानी और रिश्तेदारों के सामने अपमान झेलना पड़ा.

मेहमानों के सामने दूल्हा हुआ शर्मिंदा

दूल्हे शुभम ने बताया कि बिजली कटने के वक्त घर में बारात जाने की अंतिम तैयारियां चल रही थीं. अचानक हुई इस कार्रवाई से घर में अंधेरा छा गया और शादी के लिए की गई विशेष लाइटिंग महज दिखावा बनकर रह गई. 

शुभम का आरोप है कि उन्हें एक दिन की मोहलत तक नहीं दी गई. अब रिश्तेदार इस मामले को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, जिससे उन्हें सामाजिक रूप से शर्मिंदगी महसूस हो रही है. उन्होंने बिजली विभाग की इस कार्रवाई को सरासर 'हठधर्मिता' करार दिया है.

Advertisement

अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश

विद्युत विभाग की इस कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवार अब वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी में है. वहीं, इस मामले पर अधीक्षण अभियंता धर्मराज सिंह ने कहा कि यह प्रकरण फिलहाल उनकी जानकारी में नहीं है. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस बात की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी कि आखिर बिजली काटने के पीछे क्या कारण था. अधीक्षण अभियंता ने साफ किया कि यदि इस कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दोष पाया गया, तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement