उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की तहसील रामनगर के गणेशपुर कस्बे में शुक्रवार रात शादी समारोह के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब जयमाला के दौरान दूल्हे ने नशे की हालत में अपनी मर्यादा लांघ दी. शराब के नशे में धुत दूल्हे ने मंच पर ही दुल्हन के साथ अभद्रता की और बीच-बचाव करने आए अपने ससुर के साथ भी हाथापाई कर दी. इस घटना के बाद शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहराइच जिले के मुराइनपुरवा से आई बारात का स्वागत पूरे सम्मान और रीति-रिवाजों के साथ किया गया था. रात करीब 11 बजे दूल्हा विशाल जयमाला के लिए मंच पर पहुंचा, लेकिन वह नशे में पूरी तरह अनियंत्रित नजर आ रहा था. जयमाला डालते समय अचानक दूल्हे ने दुल्हन निशा को लात मार दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया.
दुल्हन के पिता से मारपीट के बाद भड़की हिंसा
जब दुल्हन के पिता सत्रोहन ने अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की, तो दूल्हे ने उनके साथ भी हाथापाई शुरू कर दी. इस घटना के बाद कन्या पक्ष के लोगों का धैर्य जवाब दे गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते शादी समारोह स्थल जंग के मैदान में बदल गया. टेंट में लगी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दी गईं और मेहमान अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.
इस हिंसक झड़प में दूल्हे की बहन, जीजा और एक अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया गया कि इस दौरान कई लोगों को गंभीर चोटें आईं और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया.
पुलिस पहुंची मौके पर, घायलों को अस्पताल भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और महादेवा चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा. पूरी रात तनाव और हंगामे का माहौल बना रहा, जिससे गांव में भारी तनाव की स्थिति रही.
पुलिस की मौजूदगी में गांव के संभ्रांत लोगों ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की कोशिश शुरू की. स्थिति को शांत कराने के लिए पूर्व प्रधान ने भी हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया.
समझौते के बाद पूरी हुई शादी की रस्में
पूर्व प्रधान के हस्तक्षेप और गांव के लोगों की पहल के बाद शनिवार सुबह दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता कराया गया. समझौते के बाद शादी की शेष रस्मों को पूरा किया गया. हालांकि इस घटना ने शादी समारोह की खुशियों को तनाव में बदल दिया.
पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को थाने तलब किया है. पुलिस का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की निगरानी की जा रही है.