उत्तर प्रदेश के बांदा में एक आरोपी थाने के लॉकअप से हथकड़ी समेत फरार हो गया. मामला ऐसा था कि पुलिस भी हैरान रह गई. आरोपी पर 13 साल की नाबालिग के अपहरण और रेप का आरोप है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन वह थाने से भाग निकला. इसके बाद पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुट गईं. कुछ समय बाद पुलिस ने उसे दोबारा पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जेल जाने से पहले अपनी प्रेमिका से आखिरी बार मिलना चाहता था. उसका दावा था कि प्रेमिका प्रेग्नेंट है और उसे लगा कि जेल जाने के बाद शायद दोबारा मुलाकात का मौका न मिले. हालांकि, वह उससे मिल नहीं पाया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके पास से हथकड़ी भी बरामद हुई है. अब इस मामले में पुलिस उन लोगों की भी पहचान कर रही है, जिन्होंने फरार होने के बाद उसे पनाह दी थी. यह मामला बांदा के बिसंडा थाने का है. पुलिस के मुताबिक, अप्रैल 2026 में एक 13 साल की नाबालिग के अपहरण की शिकायत मिली थी. परिवार ने आरोपी पर रेप का आरोप भी लगाया था. इसके बाद पुलिस ने अपहरण, रेप और POCSO एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया था.

यह भी पढ़ें: शरीर पर 50 जगह चोटें, डंडे से पिटाई... शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी की बेरहमी से हत्या
शनिवार को पुलिस ने नाबालिग को बरामद किया और आरोपी मलखान को भी पकड़ लिया. इसके बाद उसे थाने लाकर पूछताछ और केस से जुड़ी कागजी कार्रवाई की जा रही थी. इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर थाने से भाग निकला. उसके हाथ में हथकड़ी लगी हुई थी. जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उसके फरार होने का पता चला तो थाने में हड़कंप मच गया. अधिकारियों को सूचना दी गई और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गईं.
'जेल जाना ही है, सोचा आखिरी बार उससे मिल लूं'
पुलिस ने आरोपी को दोबारा पकड़ने के बाद उससे पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस के सामने कहा कि साहब जेल तो जाना ही है, सोचा कि आखिरी बार उससे मिल लूं. हो सकता है कि दोबारा मुलाकात न हो. आरोपी ने कहा कि वो अपनी GF से बहुत प्यार करता है. वो उसके लिए सब कुछ करने को तैयार था, लेकिन आज उसी के चक्कर में जेल जाना पड़ रहा है. उसने सोचा कि जब जेल जाना है तो जाते समय क्यों न आखिरी बार उससे मुलाकात कर ले, क्योंकि वो प्रेग्नेंट भी है. इसलिए साहब मौका देखकर फरार हो गया था. वहां गया तो पुलिस सुरक्षा के चलते मिल भी नहीं पाया. सरेंडर करने की सोच रहा था, लेकिन पुलिस एनकाउंटर के डर के मारे नहीं कर पाया और कहीं भागने का प्लान नहीं था. सीधे सरेंडर कर दिया.

पुलिस ने दोबारा पकड़ा, हथकड़ी भी बरामद
बांदा के ASP शिवराज ने बताया कि बिसंडा पुलिस ने अपहरण, रेप और POCSO एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार किया था. वह हथकड़ी समेत थाने से फरार हो गया था. उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई थीं. ASP के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हथकड़ी भी बरामद कर ली गई है. पुलिस उन लोगों की पहचान भी कर रही है, जिन्होंने फरार होने के बाद आरोपी को अपने यहां पनाह दी. ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर भी कार्रवाई
आरोपी के थाने से फरार होने के मामले में ड्यूटी पर तैनात एक कॉन्स्टेबल के खिलाफ भी लापरवाही को लेकर केस दर्ज किया गया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर आरोपी थाने के अंदर से हथकड़ी पहनकर कैसे भाग निकला. फिलहाल आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके खिलाफ दर्ज अपहरण, रेप और POCSO के मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस पूरे मामले में एक तरफ नाबालिग से जुड़े गंभीर आरोप हैं, तो दूसरी तरफ थाने की सुरक्षा में हुई चूक भी सवालों के घेरे में है.