scorecardresearch
 

ई-रिक्शे में बैठी युवती का मंगलसूत्र झपटकर भागे बदमाश, CCTV से पकड़े गए दो आरोपी

बांदा में ई-रिक्शे से घर लौट रही युवती के गले से बाइक सवार बदमाश मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए. महोखर चौराहे के पास हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने छीना गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Advertisement
X
सुनसान जगहों पर महिलाओं को बनाते थे निशाना.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)
सुनसान जगहों पर महिलाओं को बनाते थे निशाना.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)

उत्तर प्रदेश के बांदा में बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शे में घर लौट रही एक युवती के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए. वारदात महोखर चौराहे के पास हुई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है.

दरअसल, देहात कोतवाली क्षेत्र के डडीन पुरवा निवासी पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी बीते दिनों शहर से ई-रिक्शे में बैठकर घर लौट रही थी. इसी दौरान महोखर चौराहे के पास अपाचे बाइक पर सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उसके गले से मंगलसूत्र छीन लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले.

यह भी पढ़ें: बांदा-टांडा NH पर भरा 3 फीट पानी, सड़क बनी तालाब; जानलेवा गड्ढों में फंस रहीं गाड़ियां, पलटा ट्रैक्टर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश भागते दिखाई दिए. इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

सुनसान जगहों पर महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल की है. उन्होंने बताया कि वे सुनसान जगहों पर महिलाओं के साथ लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे. पुलिस ने उनके पास से युवती का छीना गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

दो टीमें बनाकर की गई कार्रवाई

डिप्टी एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर चौराहे पर ई-रिक्शे में सवार एक युवती से मंगलसूत्र छीनने की सूचना मिली थी. इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस की दो टीमें गठित की गईं. CCTV फुटेज समेत इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए गए, जिनके आधार पर अपाचे बाइक सवार युवकों की पहचान सुनिश्चित की गई.

डिप्टी एसपी के अनुसार, मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और दोनों को न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया जा चुका है. वारदात में शामिल अन्य दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार तलाश कर रही हैं. छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement