उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अछल्दा कस्बे में सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक दुकानदार को महंगा पड़ गया. सांप के साथ वीडियो बनाते समय अचानक हुए हादसे ने वहां मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुकानदार सांप को गले में डालकर रील बनाता दिखाई दे रहा है. इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया.
जानकारी के अनुसार, अछल्दा ब्लॉक चौराहे पर मिठाई की दुकान चलाने वाले 40 वर्षीय रिंकू पुत्र रामाधार गुरुवार दोपहर एक सपेरे के पास पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने के उद्देश्य से उन्होंने सपेरे से सांप लिया और उसे अपने गले में डालकर वीडियो शूट करने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रील के दौरान वह सांप के साथ कई तरह की हरकतें भी कर रहे थे.
वीडियो में देखा जा सकता है कि शूटिंग के दौरान सांप अचानक आक्रामक हो गया और उसने रिंकू के बाएं हाथ के पंजे पर काट लिया. सांप के डसते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही क्षण पहले तक कैमरे के सामने आत्मविश्वास से खड़े दिखाई दे रहे रिंकू दर्द से परेशान हो गए.
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने तुरंत उनका उपचार शुरू किया. सीएचसी के चिकित्सक डॉ. गौरव ने बताया कि मरीज की जांच कर आवश्यक इलाज दिया जा रहा है. समय रहते अस्पताल पहुंच जाने के कारण उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं.
उधर, घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. वीडियो में सांप के साथ रील बनाते और फिर सांप के काटने का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है. इस घटना के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए जोखिम भरे स्टंट करने के ट्रेंड पर सवाल उठने लगे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल कुछ सेकंड की रील के लिए जान जोखिम में डालना गंभीर लापरवाही है. वहीं चिकित्सकों और जानकारों ने भी लोगों से अपील की है कि सांप या अन्य खतरनाक जीवों के साथ किसी तरह का प्रयोग या प्रदर्शन करने से बचें, क्योंकि ऐसी छोटी सी गलती भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.