scorecardresearch
 

चिप्स, कुरकुरे और नूडल्स... गांवों में बेचा जा रहा था एक्सपायरी नमकीन, छापेमारी में बड़ा खुलासा

अमरोहा के जोया ब्लॉक के ढकिया चमन गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारकर एक्सपायरी नमकीन, चिप्स, कुरकुरे और नूडल्स का बड़ा जखीरा बरामद किया. जांच में खुलासा हुआ कि एक्सपायरी सामान को नए पैकेट में भरकर बाजार में बेचा जा रहा था. करीब 2.5–3 क्विंटल माल सील किया गया. आरोपी कलीम को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

Advertisement
X
एक्सपायरी चिप्स-नमकीन का काला धंधा!(Photo: B.S Arya/ITG)
एक्सपायरी चिप्स-नमकीन का काला धंधा!(Photo: B.S Arya/ITG)

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के बड़े खेल का खुलासा हुआ है. जोया ब्लॉक क्षेत्र के ढकिया चमन गांव में एक गोदाम पर कार्रवाई करते हुए टीम ने भारी मात्रा में एक्सपायरी नमकीन, चिप्स, कुरकुरे और नूडल्स के पैकेट बरामद किए. प्राथमिक जांच में सामने आया कि इन उत्पादों को नए पैकेट में भरकर बाजार में दोबारा बेचा जा रहा था.

जांच के दौरान अधिकारियों को यह भी पता चला कि एक्सपायरी नमकीन को पैकेट से निकालकर खुले में गांवों के बाजारों में बेचा जा रहा था. कुछ उत्पादों को नए रैपर में पैक कर फिर से बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था. यह पूरा काम लोगों की सेहत से सीधे खिलवाड़ करने वाला माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: अमरोहा: एक दुल्हन के लिए पहुंच गईं दो बारातें, पुलिस की मौजूदगी में हुआ निकाह; जानें कौन बना शौहर?

छापेमारी के दौरान गोदाम से करीब ढाई से तीन क्विंटल नमकीन बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत सात लाख रुपये से अधिक बताई गई है. बरामद माल को गोदाम के एक कमरे में बंद कर सील कर दिया गया है.

बरामदगी और प्रशासनिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे माल को कब्जे में लिया और गोदाम को सील कर दिया. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

Advertisement

अमरोहा

मौके से कलीम पुत्र छंगा नामक व्यक्ति की भूमिका सामने आई है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वह एक्सपायरी सामान खरीदकर उसे दोबारा बाजार में बेच रहा था. बताया जा रहा है कि उसने यह गोदाम किराए पर लिया था और पिछले एक महीने से यह धंधा चला रहा था.

इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक आयुक्त खाद्य विनय कुमार अग्रवाल ने किया. कलीम को नोटिस जारी किया गया है और संतोषजनक जवाब न मिलने पर उसके खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा.

स्वास्थ्य पर खतरा और आगे की जांच

विभाग यह भी जांच कर रहा है कि एक्सपायरी सामान कहां से लाया जा रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं. अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि सप्लाई चेन की भी पड़ताल की जाएगी.

विशेषज्ञों के अनुसार एक्सपायरी खाद्य पदार्थों में हानिकारक बैक्टीरिया पनप सकते हैं. ऐसे उत्पादों के सेवन से फूड प्वाइजनिंग, उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं.

खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और पैकेज्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय एक्सपायरी डेट जांचने की अपील की है. विभाग ने कहा कि ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement