उन्नाव पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कई मुद्दों पर बीजेपी सरकार को घेरा. शंकराचार्य पर लिखे गए मुकदमे को लेकर उन्होंने कहा कि एक डिप्टी सीएम कह रहे थे कि हम चरण वंदन करके माफी मांगेंगे. उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज कराने वाले की फोटो सोशल मीडिया पर चल रही है और बीजेपी का ऐसा कोई नहीं है जिसके साथ उसका संबंध न हो.
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी द्वारा होली के गाने में उनके चेहरे का मुखौटा लगाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह समाजवादी रहे हैं और इस परंपरा की शुरुआत समाजवादियों ने ही की थी. उन्होंने कहा कि होली में नाम लिया गया है तो हम लोग भी गाना बनाएंगे, होलिया में कोई बुरा न माने.
अखिलेश यादव का बीजेपी पर सीधा हमला
बसपा विधायक के घर इनकम टैक्स छापे पर उन्होंने कहा कि बीजेपी को खुश कर दो तो छापा नहीं पड़ेगा. उन्होंने आसपास के जिलों के व्यापारियों का उदाहरण देते हुए सरकार पर निशाना साधा. मुख्यमंत्री के विदेश दौरे पर भी उन्होंने तंज कसा. उन्होंने कहा कि पहले जब समाजवादी और कांग्रेस के लोग विदेश जाते थे तो सवाल उठाए जाते थे. अब खुद जा रहे हैं तो क्या कहेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग विदेश जाने के खिलाफ थे, वे अब खुद कैसे चले गए.
शंकराचार्य मुकदमे को लेकर डिप्टी सीएम के बयान पर घेरा
लखनऊ यूनिवर्सिटी में नमाज पढ़ने के विवाद पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने AajTak का धन्यवाद किया और कहा कि जिसने मस्जिद का ताला हथौड़े से तोड़ा, उसकी प्रोफाइल और संबंधों की जांच होनी चाहिए. उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के धरने और रजिस्ट्रार तथा वाइस चांसलर के संबंधों पर भी सवाल उठाए.