तनाव दूर करने के लिए लोग घूमने जाते हैं, एक्सरसाइज करते हैं या फिर अपनी पसंद का काम करते हैं. लेकिन जापान में एक शख्स ने पुलिस को ऐसा कारण बताया, जिसे सुनकर अधिकारी भी हैरान रह गए. आरोपी ने दावा किया कि वह तनाव होने पर कपड़े उतारकर सड़कों पर घूमने निकल जाता है, क्योंकि इससे उसे आजादी जैसा एहसास होता है.
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला जापान की राजधानी टोक्यो के नेरिमा वार्ड का है. 41 साल के साकाए फुजिता को सार्वजनिक जगह पर अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, 8 मई की शाम फुजिता पूरी तरह बिना कपड़ों के फुजिमिदाई इलाके के एक पार्क और आसपास की कई सड़कों पर घूम रहा था. आरोप है कि इसी दौरान वह स्कूल से घर लौट रही कुछ छात्राओं के सामने भी चला गया था.
पहले बोला- कुछ याद नहीं
हिकारिगाओका पुलिस के अनुसार, आरोपी घर लौट रही छात्राओं को रोककर बात करने की कोशिश करने लगा था. पुलिस का कहना है कि वह लड़कियों के पास जाकर उन्हें सॉरी बोल रहा था. पूछताछ के दौरान फुजिता ने पहले कहा कि उसे इस घटना के बारे में ठीक से याद नहीं है.
यह भी पढ़ें: प्रेग्नेंट महिला का नदी किनारे मिला शव, गायब था गर्भ में पल रहा बच्चा
हालांकि, बाद में उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार बिना कपड़ों के घर से बाहर निकल चुका है. स्थानीय मीडिया एफएनएन के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस से कहा कि मुझे सब कुछ साफ-साफ याद नहीं है, लेकिन इतना याद है कि मैं कई बार बिना कपड़ों के बाहर गया हूं.
स्ट्रेस दूर करने को करता हूं ऐसा...
उसने आगे कहा कि जब मुझे स्ट्रेस होता है तो मेरा मन कपड़े उतारने का करता है. ऐसा करने से मुझे आजाद महसूस होता है.पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि आरोपी जानबूझकर स्कूल से लौट रही छात्राओं की तरफ गया था. इसी आधार पर उससे आगे भी पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें: टूटी नाव पर 1 महीने समुद्र में भटकता रहा शख्स, इतने दिनों तक ऐसे रहा जिंदा
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई और जानकारी हो तो वह तुरंत पुलिस को बताए.