अगर आप इंस्टाग्राम पर थोड़ा भी वक्त बिताते होंगे तो आपकी नजर उस मासूम बच्ची के वीडियो पर जरूर पड़ी होगी. अरुणाचल प्रदेश की इस नन्ही बच्ची को शिकायत थी कि लोग उसे चीनी कहते हैं, जबकि वह इंडियन है. बच्ची की यह शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और हजारों लोग इस मासूम के समर्थन में खड़े हो गए.
अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर की रहने वाली करीब 4 साल की कार्गा ट्विंकल की अब यह शिकायत खत्म हो गई है. ट्विंकल अब नए वीडियो में बेहद खुश नजर आ रही हैं.
उनकी मां उन्हें बताती हैं कि अब हर कोई उन्हें 'इंडिया की बेबी' कह रहा है. इस पर बच्ची मुस्कुराते हुए कहती हैं, 'अभी हम इंडिया हो गया.' फिर कैमरे की तरफ देखकर वह कहती हैं, 'थैंक यू, आप सबको.'
देखें वीडियो
वायरल होने से कुछ दिन पहले इस बच्ची का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उसने बताया था कि लोग उसे चाइनीज कहते हैं. इन सभी को जवाब देते हुए ने एक वीडियो बनाया और बताया कि लोग उसे चाइनीज कहकर कहां गलती कर रहे हैं. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया.
'भारत विविधताओं का देश है'
इस वीडियो को लाखों व्यूज मिले और हजारों भारतीय इस मासूम से माफी मांगते हुए दिखे. किसी ने कमेंट करते हुए लिखा कि सही मायने में तुम ही इंडियन हो. वहीं एक यूजर ने लिखा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां अलग-अलग धर्म, जाति, भाषा और शक्ल-सूरत के लोग रहते हैं. भारत की यही विविधता उसकी पहचान है. जिन्हें पूर्वोत्तर के लोग चाइनीज दिखते हैं, असल में उनकी सोच ही भारतीय विविधता को नहीं समझती.
अब नए वीडियो में बच्ची का खुश अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है. जो सवाल कुछ दिन पहले उसे दुखी कर गया था, अब उसी के बाद इंटरनेट से मिले प्यार ने उसके चेहरे पर मुस्कान ला दी है. वायरल वीडियो के बाद उसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या भी 82 हजार से ज्यादा हो गई है.