सोचिए, आप सड़क पर एक ऐसी कार देखें जिसमें कोई ड्राइवर ही न हो, लेकिन अंदर दो लोग बैठे हों. पहली नजर में यह नजारा थोड़ा अजीब लग सकता है. अब सोचिए कि कार के अंदर बैठे लोग इंसान नहीं, बल्कि दो कंकाल हों तो क्या होगा? कुछ ऐसा ही नजारा इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दरअसल, अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला की बिना ड्राइवर वाली कार में दो कंकाल घूमते नजर आए. इस वीडियो को हैलोवीन के मौके पर शेयर किया गया है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इस पर मजेदार कमेंट कर रहे हैं.
बिना ड्राइवर के कार में बैठे दिखे दो कंकाल
यह वीडियो टेस्ला की रोबोटैक्सी सर्विस के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किया गया है. इसमें कंपनी की साइबरकैब सड़क पर चलती दिखाई दे रही है. इस कार के अंदर दो कंकाल बैठे हुए हैं. खास बात यह है कि कार में कोई ड्राइवर नजर नहीं आ रहा है. दोनों कंकाल आराम से अपनी सीट पर बैठे हैं और उन्होंने सीट बेल्ट भी लगा रखी है. वीडियो के साथ कंपनी ने मजाकिया अंदाज में 'Bone Voyage' कैप्शन लिखा है. यहां 'Bone Voyage' शब्दों के जरिए कंकालों पर मजाक किया गया है. यह फ्रेंच भाषा के 'Bon Voyage' यानी अच्छी यात्रा की शुभकामना देने वाले शब्दों से मिलता-जुलता है.
क्या है टेस्ला की साइबरकैब?
टेस्ला की साइबरकैब एक ऐसी कार है जिसे बिना इंसानी ड्राइवर के चलाने के लिए तैयार किया गया है. इसे रोबोटैक्सी यानी खुद चलने वाली टैक्सी के तौर पर पेश किया गया है. इसमें ड्राइवर की जरूरत नहीं होती. कार में लगे कैमरे, सेंसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से यह अपने आसपास की चीजों को पहचानकर रास्ते पर चल सकती है. टेस्ला की इस तकनीक का मकसद ऐसी टैक्सी सेवा तैयार करना है, जिसमें लोग अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए कार बुक कर सकें और उन्हें खुद गाड़ी चलाने की जरूरत न पड़े.
सोशल मीडिया पर लोगों ने किए मजेदार कमेंट
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर खूब मजे लिए. एक यूजर ने लिखा कि कंकाल साइबरकैब में इसलिए बैठे हैं क्योंकि उनमें खुद गाड़ी चलाने की हिम्मत नहीं है. एक दूसरे यूजर ने लिखा कि टेस्ला के मजाक करने का अंदाज कोई नहीं समझ सकता.
वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाक में कहा कि इन दोनों ने साइबरकैब इसलिए बुक की है ताकि देखें कि कहीं इसकी खुद चलने वाली तकनीक में कोई गड़बड़ी तो नहीं होती. कुछ लोगों ने कंकालों की सीट बेल्ट पर भी ध्यान दिया. उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि मरने के बाद भी ये लोग सुरक्षा का पूरा ध्यान रख रहे हैं. एक यूजर ने तो यह सवाल भी पूछ लिया कि अगर पुलिस इस बिना ड्राइवर वाली कार को रोक ले, तो चालान किसका काटेगी? कार में बैठे कंकालों का या फिर कंपनी का?
हैलोवीन पर टेस्ला का अनोखा अंदाज
हैलोवीन हर साल 31 अक्टूबर को मनाया जाता है. इस मौके पर लोग डरावने कपड़े पहनते हैं, घरों को भूतिया अंदाज में सजाते हैं और कंकाल, भूत और चुड़ैल जैसी चीजों का इस्तेमाल करते हैं. टेस्ला ने भी अपनी साइबरकैब के इस वीडियो के जरिए हैलोवीन को मजेदार अंदाज में मनाया. डरावने कंकालों को बिना ड्राइवर वाली कार में बैठाकर कंपनी ने ऐसा नजारा दिखाया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. वीडियो का सबसे मजेदार हिस्सा यही है कि कार में ड्राइवर की जगह दो कंकाल बैठे हैं, लेकिन दोनों ने सीट बेल्ट लगाना नहीं भूला.