scorecardresearch
 

तेल अवीव के आसमान में कौओं का झुंड? वायरल वीडियो का हुआ रियलिटी चेक

जंग के दौर में खबरों के साथ अफवाहें भी तेज हो जाती हैं. इन दिनों तेल अवीव को लेकर एक वीडियो वायरल है, जिसमें हजारों कौओं के आसमान में मंडराने का दावा किया जा रहा है. इसे कुछ लोग युद्ध और भविष्यवाणी से जोड़ रहे हैं. लेकिन जब मौके से इसकी सच्चाई जांची गई, तो तस्वीर बिल्कुल अलग निकली. आखिर वायरल वीडियो में कितना सच है, जानिए इस रिपोर्ट में…

Advertisement
X
 रिपोर्ट के मुताबिक, तेल अवीव का आसमान सामान्य है (Photo:X/@ProudSocialist)
रिपोर्ट के मुताबिक, तेल अवीव का आसमान सामान्य है (Photo:X/@ProudSocialist)

जब भी जंग का माहौल बनता है, उसके साथ प्रोपेगेंडा भी तेजी से फैलने लगता है. ऐसी कई खबरें सामने आती हैं, जिनमें सच और झूठ का फर्क करना मुश्किल हो जाता है. पिछले कुछ दिनों से एक ऐसा ही वीडियो चर्चा में है, जिसे तेल अवीव का बताया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि शहर के आसमान में हजारों कौए मंडरा रहे हैं. वीडियो में आसमान काले झुंड जैसा नजर आता है और कौए गोल-गोल चक्कर लगाते दिखाई देते हैं.

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इसे अलग-अलग नजरिए से जोड़ना शुरू कर दिया. कुछ लोगों ने इसे ईरान युद्ध और मध्य पूर्व संकट से जोड़ते हुए कहा कि यह किसी बड़ी आपदा का संकेत हो सकता है.

वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे धार्मिक भविष्यवाणी से जोड़ दिया और बाइबिल के एक श्लोक का हवाला देते हुए दावा किया कि यह दृश्य किसी बड़े संकेत की ओर इशारा करता है.

देखें वायरल वीडियो

हालांकि, जब इस वायरल वीडियो की सच्चाई जांची गई, तो तस्वीर पूरी तरह अलग निकली. आजतक के संवाददाता प्रणय उपाध्याय इस समय तेल अवीव में मौजूद हैं और लगातार वहां से जंग के हालात की जानकारी दे रहे हैं. उन्होंने इस वीडियो का रियलिटी चेक किया और अपनी रिपोर्ट में वहां के आसमान की असली स्थिति दिखाई.

Advertisement

देखें तेल अवीव का आसमान

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

रिपोर्ट के मुताबिक, तेल अवीव का आसमान सामान्य है. वहां बादल जरूर हैं, लेकिन किसी तरह का असामान्य दृश्य नहीं दिख रहा. कुछ पक्षी नजर आते हैं, जिनमें एक-दो कौए भी शामिल हैं, लेकिन हजारों कौओं का कोई झुंड कहीं नहीं दिखाई देता. शहर के अलग-अलग इलाकों का जायजा लेने के बाद भी ऐसी कोई जगह नहीं मिली, जहां इस तरह का दृश्य हो.

यानी साफ है कि वायरल हो रहा यह वीडियो भ्रामक है और इसे गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है. जंग के माहौल में इस तरह की अफवाहें तेजी से फैलती हैं, इसलिए किसी भी वीडियो या दावे पर भरोसा करने से पहले उसकी सच्चाई जांचना बेहद जरूरी है.

---- समाप्त ----

Advertisement
Advertisement