
कांग्रेस सांसद शशि थरूर एक बार फिर अपने खास अंदाज और शानदार अंग्रेजी के कारण सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि इडली और रसगुल्ले को लेकर छिड़ी ऑनलाइन बहस बनी. एक यूजर ने रसगुल्ले को 'चीनी की चाशनी में डूबी इडली' बता दिया, जिसके बाद थरूर ने ऐसा जवाब दिया कि इंटरनेट पर लोगों की हंसी नहीं रुक रही.
कहां से शुरू हुई बहस
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सयंतिका नाम की एक सोशल मीडिया यूजर ने बंगाली मिठाइयों जैसे मिष्टी दोई और नोलेन गुड़ेर रसगुल्ले का जिक्र करते हुए पूछा कि गैर-बंगाली लोगों को इनके स्वाद के बारे में कैसे समझाया जाए। इसी पोस्ट पर एक अन्य यूजर ने रसगुल्ले को 'सबसे ओवररेटेड मिठाई' बताते हुए उसकी तुलना “चीनी की चाशनी में डूबी इडली” से कर दी.

इसके बाद एक यूजर ने मजाक में लिखा कि अगर यह बात शशि थरूर तक पहुंच गई तो 'भाषाई हत्या' देखने को मिलेगी. कुछ ही देर में थरूर ने खुद जवाब दे दिया और उनका पोस्ट वायरल हो गया.
थरूर ने लिखा कि रसगुल्ले की तुलना इडली से करना सिर्फ एक पाक कला संबंधी गलती नहीं, बल्कि एक गहरा ब्रह्मांडीय भ्रम है. उन्होंने आगे कहा कि दोनों बिल्कुल अलग दुनिया से आते हैं. उन्होंने छेना को दूध से बना नाजुक और शुद्ध पदार्थ बताया, जबकि इडली को चावल और उड़द दाल के खमीर वाले बैटर से तैयार की गई बेहतरीन डिश कहा.
देखें पोस्ट
उन्होंने लिखा कि दोनों का स्वाद, बनावट, संरचना और अस्तित्व का उद्देश्य पूरी तरह अलग है. इसके बाद थरूर ने इडली की जमकर तारीफ की और उसे दुनिया की सबसे शानदार कुकिंग इंजीनियरिंग में से एक बताया.
थरूर ने कहा कि इडली कोई साधारण फीका केक नहीं है, बल्कि यह बायोटेक्नोलॉजी का शानदार उदाहरण है. उन्होंने बताया कि सही इडली बनाने के लिए पूरी रात सही तरीके से फर्मेंटेशन करना पड़ता है, जिससे वह हल्की, पौष्टिक और स्वादिष्ट बनती है. उन्होंने यह भी कहा कि इडली सांभर, मिलागा पोड़ी और घी के साथ सबसे बेहतरीन लगती है.
अपने पोस्ट के अंत में थरूर ने लिखा कि अगर किसी को रसगुल्ला पसंद नहीं है तो उसकी आलोचना अलग से की जा सकती है, लेकिन इडली को इस बहस में घसीटना ठीक नहीं.
थरूर के इस जवाब पर सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने उनके अंदाज की तारीफ की, तो कुछ ने कहा कि उन्होंने इडली को 'संवैधानिक सुरक्षा' दे दी.