scorecardresearch
 

ट्रेन के इंजन में घुस गया अजगर का बच्चा, रेस्क्यू का VIDEO हुआ वायरल

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर मंगलवार देर रात एक रेलवे इंजन के अंदर अजगर का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही सर्प विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और करीब 1:40 बजे सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया.

Advertisement
X
रेलवे इंजन के भीतर अजगर प्रजाति का एक छोटा बच्चा दिखाई दिया
रेलवे इंजन के भीतर अजगर प्रजाति का एक छोटा बच्चा दिखाई दिया

मुंबई के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में शामिल छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर मंगलवार देर रात उस समय हलचल मच गई, जब एक रेलवे इंजन के भीतर अजगर प्रजाति का एक छोटा बच्चा दिखाई दिया. इंजन की जांच के दौरान रेलकर्मियों की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों और सर्प विशेषज्ञों को दी.

जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र राज्य के मानद पशु कल्याण अधिकारी अभिषेक अशोक ठावरे मौके पर पहुंचे. सभी जरूरी सावधानियां बरतते हुए उन्होंने रात करीब 1:40 बजे अजगर के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला. राहत की बात यह रही कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान रेलवे संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं.रेस्क्यू के बाद अजगर के बच्चे को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया.

यह भी पढ़ें: पानी की टंकी में दिखे 27 सांप... वायरल हो रहा इस भयावह सीन का वीडियो!

इंजन तक कैसे पहुंचा अजगर?

विशेषज्ञों के मुताबिक, भारत में पाया जाने वाला इंडियन रॉक पाइथन एक गैर-विषैला सांप है और भारतीय वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत संरक्षित प्रजाति है. मानसून की शुरुआत के साथ छोटे अजगर अक्सर सुरक्षित और सूखी जगहों की तलाश में निकल पड़ते हैं. प्रारंभिक अनुमान है कि बारिश से बचने के लिए यह अजगर का बच्चा किसी समय रेलवे इंजन में घुस गया होगा और उसी के साथ CSMT स्टेशन तक पहुंच गया.

Advertisement

बारिश में क्यों बढ़ जाते हैं ऐसे मामले?

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान सांप, अजगर और अन्य वन्यजीव अपने बिलों में पानी भर जाने के कारण बाहर निकल आते हैं. ऐसे में वे कभी घरों, गाड़ियों, गोदामों या रेलवे परिसरों जैसी जगहों में भी पहुंच जाते हैं.

अभिषेक ठावरे ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे पकड़ने या मारने की कोशिश करें. ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्पमित्रों से संपर्क करें, ताकि इंसानों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और सर्प विशेषज्ञों की त्वरित कार्रवाई के चलते अजगर के बच्चे की जान भी बच गई और रेलवे सेवाएं भी बिना किसी व्यवधान के संचालित होती रहीं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement