इक्वाडोर में एक चर्च के अंदर प्रार्थना के दौरान बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. पादरी पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी वेदी के सामने खड़े होकर प्रार्थना कर रहे थे, तभी उनके ठीक पीछे दीवार पर लगा एक विशाल क्रॉस अचानक नीचे गिर गया. भारी क्रॉस सीधे पादरी के सिर और शरीर पर जा गिरा. हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला. पूरी घटना चर्च में चल रही लाइव स्ट्रीमिंग में कैद हो गई.
यह हादसा इक्वाडोर के ग्वायाकिल शहर स्थित आवर लेडी ऑफ परपेचुअल हेल्प चर्च में हुआ. पादरी पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी इसी चर्च में पादरी के तौर पर सेवा दे रहे थे. क्रॉस गिरने के बाद वह जमीन पर गिर गए और दोबारा नहीं उठ सके. हादसे के बाद चर्च में मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई. कई लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े और एंबुलेंस को बुलाया गया. हालांकि, मौके पर पहुंचे आपातकालीन कर्मचारियों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
'वक्त मोबाइल स्क्रॉल करने में ना बर्बाद करें'
हादसे से कुछ ही पल पहले पादरी अपने उपदेश में जिंदगी की नश्वरता और मौत के बारे में बात कर रहे थे. उन्होंने लोगों से कहा था कि जिंदगी का समय फोन स्क्रॉल करने जैसी चीजों में बर्बाद करने के बजाय भगवान और अपने परिवार के साथ बिताना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि एक दिन यहां मौजूद हर व्यक्ति की मौत होगी.
देखें वायरल वीडियो
इसके बाद पादरी ने चर्च में मौजूद लोगों के लिए प्रार्थना शुरू की. वह ईश्वर से सभी को आशीर्वाद देने की प्रार्थना कर ही रहे थे कि उनके पीछे लगा भारी क्रॉस अचानक दीवार से अलग होकर नीचे गिर गया.
क्रॉस गिरने से पहले का वीडियो
ग्वायाकिल के आर्चडायोसीज ने पादरी की मौत की पुष्टि की है. चर्च प्रशासन ने उनके निधन पर दुख जताया है. पादरी की याद में विशेष प्रार्थना सभा भी आयोजित की गई. फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि भारी क्रॉस दीवार से अचानक कैसे अलग हुआ. घटना की वजह को लेकर चर्च की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.