scorecardresearch
 

'कश्मीर को बताया स्विट्जरलैंड जैसा, लेकिन गिना दी एक बड़ी कमी', भारतीय महिला का वीडियो वायरल

12 दिन स्विट्जरलैंड घूमकर लौटी एक भारतीय महिला का वीडियो वायरल हो रहा है. महिला का कहना है कि प्राकृतिक सुंदरता के मामले में जम्मू-कश्मीर किसी भी तरह से स्विट्जरलैंड से कम नहीं है, लेकिन अगर भारत में साफ-सफाई पर ज्यादा ध्यान दिया जाए तो देश की खूबसूरती दुनिया के किसी भी मशहूर पर्यटन स्थल को टक्कर दे सकती है.

Advertisement
X
स्विट्जरलैंड की जम्मू-कश्मीर से तुलना करना कितना सही  (Photo:Insta/@Binny Sharma)
स्विट्जरलैंड की जम्मू-कश्मीर से तुलना करना कितना सही (Photo:Insta/@Binny Sharma)

क्या जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती सच में स्विट्जरलैंड को टक्कर दे सकती है? इस सवाल पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. 12 दिन स्विट्जरलैंड घूमकर लौटी एक भारतीय महिला का कहना है कि प्राकृतिक सुंदरता के मामले में कश्मीर किसी भी मायने में स्विट्जरलैंड से कम नहीं है. हालांकि उन्होंने यह भी माना कि दोनों जगहों के बीच एक बड़ा फर्क है. उनके मुताबिक, अगर भारत में साफ-सफाई पर ज्यादा ध्यान दिया जाए, तो जम्मू-कश्मीर समेत देश की कई खूबसूरत जगहें दुनिया के किसी भी मशहूर पर्यटन स्थल को टक्कर दे सकती हैं.

इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करने वाली बिन्नी शर्मा ने कहा कि स्विट्जरलैंड में 12 दिन बिताने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी प्राकृतिक खूबसूरती है. उन्होंने कहा कि हमारा भारत, खासकर जम्मू-कश्मीर, काफी हद तक स्विट्जरलैंड जैसा खूबसूरत है. फर्क सिर्फ इतना है कि वहां साफ-सफाई का स्तर बहुत बेहतर है.

उन्होंने बताया कि पूरे सफर के दौरान उन्हें स्विट्जरलैंड में सड़क पर कहीं भी कागज का एक टुकड़ा तक नहीं दिखा. उनके मुताबिक, वहां के लोग अपने आसपास की सफाई को अपनी जिम्मेदारी मानते हैं और सार्वजनिक जगहों को गंदा नहीं करते.

देखें वीडियो

बिन्नी शर्मा ने आगे कहा कि भारत में भी ऐसी कई जगहें हैं, जिन्हें देखकर विदेशी पर्यटक मंत्रमुग्ध हो जाते हैं. खासकर जम्मू और कश्मीर में प्रकृति ने बेमिसाल खूबसूरती बिखेरी है. लेकिन अगर लोग सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर ध्यान दें और अपनी जिम्मेदारी समझें, तो भारत दुनिया के सबसे खूबसूरत देशों में और मजबूती से अपनी पहचान बना सकता है.

Advertisement

वीडियो पर लोगों ने क्या कहा?

महिला का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर हजारों लोग अपनी राय दे रहे हैं. कई यूजर्स ने उनकी बात से सहमति जताई. एक यूजर ने लिखा कि भारत के पास पहाड़, नदियां, जंगल और बर्फ सब कुछ है, जरूरत सिर्फ नागरिक जिम्मेदारी निभाने की है.

एक अन्य यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि कश्मीर किसी जन्नत से कम नहीं है. अगर हम साफ-सफाई का ध्यान रखें तो भारत दुनिया का सबसे खूबसूरत देश बन सकता है.

हालांकि कुछ लोगों का कहना था कि भारत जैसे विशाल और अधिक आबादी वाले देश की तुलना स्विट्जरलैंड से करना पूरी तरह उचित नहीं है.

स्विट्जरलैंड की जम्मू-कश्मीर से तुलना करना कितना सही

अगर सिर्फ आंकड़ों की बात करें तो स्विट्जरलैंड और जम्मू-कश्मीर दोनों की टूरिज्म इकोनॉमी का मॉडल अलग-अलग है. स्विट्जरलैंड में हर साल करीब 1 करोड़ विदेशी पर्यटक आते हैं, लेकिन वहां आने वाला हर पर्यटक औसतन काफी ज्यादा खर्च करता है. इसी वजह से कम पर्यटकों के बावजूद वहां टूरिज्म से होने वाली कमाई बहुत अधिक है.

वहीं, जम्मू-कश्मीर में ज्यादातर घरेलू पर्यटक आते हैं. 2024 में यहां रिकॉर्ड 2.36 करोड़ पर्यटक पहुंचे, जो स्विट्जरलैंड से कहीं ज्यादा हैं. हालांकि, प्रति पर्यटक खर्च कम होने की वजह से कुल कमाई स्विट्जरलैंड जितनी नहीं हो पाती.

Advertisement

विशेषज्ञों का मानना है कि प्राकृतिक सुंदरता के मामले में जम्मू-कश्मीर किसी भी तरह से स्विट्जरलैंड से कम नहीं है. लेकिन बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, साफ-सफाई, सुरक्षा, हाई-एंड होटल और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के मामले में स्विट्जरलैंड अभी काफी आगे है. अगर इन क्षेत्रों में सुधार हो जाए तो जम्मू-कश्मीर भी टूरिज्म से कहीं ज्यादा कमाई कर सकता है और दुनिया के बड़े पर्यटन केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement