पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल समेत पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है. ताजा रुझानों में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने 100 का आंकड़ा पार कर बढ़त बनाई है, जबकि असम में भी पार्टी बहुमत के करीब या पार नजर आ रही है.ऐसे अहम मौके पर, जब नतीजों की तस्वीर साफ हो रही है, सोशल मीडिया पर उन वीडियो की भी खूब चर्चा हो रही है, जो पूरे चुनाव प्रचार के दौरान छाए रहे.आइए, नतीजों के इस दिन एक बार फिर नजर डालते हैं उन वायरल वीडियो पर, जिन्होंने चुनावी माहौल को सबसे ज्यादा गर्माया.
‘चेतावनी’ वाला वीडियो बना सबसे बड़ा मुद्दा
सबसे ज्यादा चर्चा में अजय पाल शर्मा का वीडियो रहा.पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी के दौरान वह TMC उम्मीदवार जहांगीर खान और उनके समर्थकों को सख्त चेतावनी देते दिखाई दिए. वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि यदि मतदाताओं को धमकाने की शिकायत सही पाई गई, तो कड़ी कार्रवाई होगी.
इस वीडियो के सामने आते ही सियासी घमासान शुरू हो गया. TMC ने आरोप लगाया कि अधिकारी डर का माहौल बना रहे हैं, जबकि विपक्ष के कुछ नेताओं ने उनके रुख का समर्थन किया. इसके बाद बहस छिड़ गई कि क्या यह सख्ती ड्यूटी का हिस्सा थी या जरूरत से ज्यादा कार्रवाई?
देखें वीडियो
अजय पाल शर्मा 2011 बैच के IPS अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश पुलिस में 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' की छवि के लिए जाने जाते हैं.
यह भी पढ़ें: Mamata Banerjee Election Result 2026 LIVE: ममता बनर्जी पीछे, भवानीपुर में भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने बनाई बढ़त
पीएम मोदी का ‘झालमुड़ी मोमेंट’
चुनाव प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी का एक अलग अंदाज देखने को मिला. झारग्राम में उनका काफिला अचानक रुका और उन्होंने सड़क किनारे झालमुड़ी का स्वाद लिया.वीडियो में वह विक्रेता से कहते नजर आए-भाई, हमें अपना झालमुड़ी खिलाओ.यह क्लिप देखते ही देखते वायरल हो गई. समर्थकों ने इसे आम लोगों से जुड़ाव बताया, जबकि विपक्ष ने इसे ‘स्टेज्ड’ करार दिया. इस वीडियो ने बंगाल की स्ट्रीट फूड संस्कृति को भी चर्चा में ला दिया.
मैदान पार दौड़ते दिखे हिमंत, ‘MY PEOPLE’ बना ट्रेंड
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर छा गया.कछार जिले के ढोलाई में वह भीड़ से मिलने के लिए मैदान पार करते हुए दौड़ते नजर आए.वीडियो के साथ उनका कैप्शन-'Can never be late in meeting MY PEOPLE' वायरल हुआ. इसे उनकी ऊर्जा और जनता से सीधे जुड़ाव के प्रतीक के रूप में देखा गया.
जब साइकिल छोड़कर भागे एक्टर विजय
तमिलनाडु में चुनावी सरगर्मी के बीच विजय का एक वीडियो चर्चा में रहा.यह घटना कन्याकुमारी में प्रचार के दौरान हुई, जहां तमिझगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय साइकिल पर सवार होकर समर्थकों के बीच प्रचार कर रहे थे.
इसी दौरान भीड़ की ओर से उनकी तरफ फूलों की एक गेंद फेंकी गई. अचानक हुई इस घटना से वह चौंक गए और तुरंत साइकिल से उतरकर अपने सुरक्षा वाहन की ओर बढ़ गए.कुछ सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं.
'अंदाजा नहीं किससे पंगा ले रहे हैं'
इसी बीच चुनाव खत्म होने के बाद ममता बनर्जी का एक वीडियो तेजी से सुर्खियों में आ गया है. इस वीडियो में वह कड़े तेवर में नजर आ रही हैं.उन्होंने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी और भारतीय चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं है कि वे किससे पंगा ले रहे हैं.इससे पहले भी ममता बनर्जी ने ईवीएम को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि ईवीएम लूटने की कोशिश की जा रही है, लेकिन मैं मरते दम तक ऐसा नहीं होने दूंगी.
सोशल मीडिया बना चुनाव का नया मैदान
इन चुनावों में वायरल वीडियो सिर्फ मनोरंजन या प्रचार तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने नेताओं की छवि, रणनीति और जनता से जुड़ाव को भी प्रभावित किया.कहीं सख्ती दिखी, कहीं सहजता और कहीं अचानक हुई घटना ने सुर्खियां बटोरीं. साफ है कि आज के चुनाव में मैदान सिर्फ रैलियों तक सीमित नहीं, बल्कि सोशल मीडिया भी बराबरी का ‘रणक्षेत्र’ बन चुका है.