आखिर ये बंदा कितना कमा लेता होगा? यह सवाल आपने भी कभी न कभी जरूर सोचा होगा. सड़क किनारे चाय बेचने वाला हो, छोले-कुलचे का ठेला लगाने वाला या फिर गोलगप्पे वाला, ऐसे लोगों को देखकर अक्सर मन में यही सवाल आता है कि आखिर इनकी रोज की कमाई कितनी होती होगी. वजह भी साफ है. आज की दुनिया में हर इंसान कमाई और रोजगार की जद्दोजहद में लगा है. ऐसे में दूसरे की कमाई जानने की उत्सुकता होना भी स्वाभाविक है.
यही वजह है कि सोशल मीडिया पर ऐसे कई पेज और चैनल तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, जो छोटे कारोबारियों की कमाई और उनके बिजनेस मॉडल को लोगों के सामने लाते हैं. कोई लोगों से उनकी सैलरी पूछता है, तो कोई यह दिखाता है कि एक साधारण-सा दिखने वाला काम करने वाला व्यक्ति आखिर महीने या दिन में कितना कमा लेता है. इन्हीं में से एक इंस्टाग्राम पेज Dhandha On Ground भी है. यह पेज स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे कारोबारियों की एक दिन की बिक्री, खर्च और संभावित कमाई का पूरा हिसाब दिखाता है.
इसी पेज का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो दिल्ली में छोले-कुलचे और पराठे का ठेला लगाने वाले एक युवक का है. वीडियो में पूरे दिन की बिक्री और खर्च का हिसाब दिखाया गया है, जिसे देखकर कई लोग हैरान रह गए कि एक छोटे से फूड स्टॉल से भी इतनी बिक्री हो सकती है.
इतनी होती है कमाई
वीडियो के मुताबिक, यह ठेला दिल्ली के एक व्यस्त इलाके में छोले-कुलचे और पराठे बेचता है. एक प्लेट पराठे की कीमत ₹30 और कुलचे की कीमत ₹40 बताई गई है. वीडियो में दावा किया गया कि उस दिन करीब 330 प्लेट्स बिकीं, जिससे कुल बिक्री ₹12,800 तक पहुंच गई.
रील में दिखाए गए हिसाब के अनुसार, कच्चे माल पर करीब ₹4,000 और गैस समेत दूसरे खर्चों पर करीब ₹500 खर्च हुए. यानी कुल खर्च लगभग ₹4,500 रहा. हालांकि वीडियो में शुद्ध मुनाफे का सटीक आंकड़ा नहीं बताया गया. इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि ठेले वाले की वास्तविक कमाई कितनी रही.
देखें वीडियो
वीडियो का मकसद छोटे कारोबारों की कहानी दिखाना और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है. यही वजह है कि यह रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
कमेंट सेक्शन में लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ यूजर्स ने लिखा कि नौकरी का इंतजार करने से बेहतर है छोटा कारोबार शुरू किया जाए. वहीं कुछ लोगों ने टैक्स और नियमों का मुद्दा उठाया. कुछ यूजर्स ने वीडियो में बताए गए आंकड़ों पर सवाल भी उठाए और कहा कि सिर्फ एक दिन की बिक्री देखकर पूरे बिजनेस का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. वहीं किसी का कहना था कि नौकरी छोड़, क्या ठेले लगा लूं और किसी का कहना था ये छोटे-कुलचे का ठेला था या पैसा छापने की मशीन.
दिल्ली में छोले-कुलचे
दरअसल, दिल्ली जैसे बड़े शहरों में छोले-कुलचे का कारोबार कम निवेश में शुरू किया जा सकता है. अगर लोकेशन अच्छी हो और ग्राहकों की संख्या लगातार बनी रहे तो रोजाना अच्छी बिक्री संभव है. हालांकि इस कारोबार में प्रतिस्पर्धा, मौसम, म्यूनिसिपल नियम और रोजाना बदलने वाली बिक्री जैसी चुनौतियां भी रहती हैं.
यही वजह है कि यह वीडियो सिर्फ कमाई की वजह से नहीं, बल्कि छोटे कारोबार, स्वरोजगार और स्ट्रीट वेंडर्स की आय को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया है. आखिरकार, हर किसी के मन में यही सवाल रहता है— एक छोटे से ठेले से आखिर कितनी कमाई हो सकती है?
(नोट - ये खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर बनाई गई है. aajtak.in वीडियो में किए गए दावों की पुष्टि नहीं करता है.)