scorecardresearch
 

जॉब नहीं है, चावल ज्यादा दे देना....शख्स के इस रिक्वेस्ट पर होटल मालिक ने दी नौकरी

चीन में आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक बेरोजगार युवक ने फूड डिलीवरी ऐप पर फ्राइड राइस ऑर्डर करते समय सिर्फ ज्यादा चावल की मांग की थी. उसकी परेशानी समझकर रेस्टोरेंट मालिक ने केवल भरपूर खाना भेजा, बल्कि नौकरी तक ऑफर कर दी.  

Advertisement
X
 ऐसी कहानियां देखकर विश्वास होता है कि दुनिया में आज भी प्यार, इंसानियत और मदद करने वाले लोग मौजूद हैं. ( Photo: ITG)
ऐसी कहानियां देखकर विश्वास होता है कि दुनिया में आज भी प्यार, इंसानियत और मदद करने वाले लोग मौजूद हैं. ( Photo: ITG)

दुनिया में आज भी ऐसे लोग हैं जिनकी छोटी-सी मदद किसी की जिंदगी बदल सकती है. चीन से सामने आई एक ऐसी ही कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है. यह घटना एक बेरोजगार युवक और एक दयालु रेस्टोरेंट मालिक से जुड़ी है, जिसे करोड़ों लोग देख चुके हैं. चीन के जियांग्सू प्रांत के वूशी शहर में रहने वाले वान नाम के एक युवक की नौकरी चली गई थी. आर्थिक तंगी के कारण उसके पास खाने-पीने के लिए भी पर्याप्त पैसे नहीं थे. हालत इतनी खराब थी कि वह दिन में केवल एक बार ही खाना खा पा रहा था. ऐसे मुश्किल समय में उसने एक फूड डिलीवरी ऐप के जरिए 12.8 युआन (करीब 150 रुपये) का फ्राइड राइस ऑर्डर किया.

ऑर्डर करते समय वान ने रेस्टोरेंट के लिए एक भावुक नोट भी लिखा. उसने विनती करते हुए कहा- कृपया मुझे थोड़ा ज्यादा चावल दे दीजिए. मेरी नौकरी चली गई है और अभी तक मुझे सैलरी भी नहीं मिली है. मैं दिन में सिर्फ एक बार ही खाना खा सकता हूं, कृपया मदद कीजिए. वान को उम्मीद थी कि शायद रेस्टोरेंट उसकी परेशानी समझ कर थोड़ा ज्यादा खाना भेज देगा. लेकिन जब उसका ऑर्डर पहुंचा तो वह हैरान रह गया. खाने के डिब्बे में सामान्य से कहीं ज्यादा चावल थे. इतना ही नहीं, डिब्बे के ढक्कन पर रेस्टोरेंट मालिक ने हाथ से एक मैसेज भी लिखा था. मैसेज में लिखा था- मेरे रेस्टोरेंट में आकर अप्रेंटिस बन जाओ.

वान ने शेयर किया वीडियो
यह पढ़कर वान भावुक हो गया. उसने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उसका मकसद सिर्फ पेट भरने के लिए कुछ ज्यादा चावल मांगना था, लेकिन रेस्टोरेंट मालिक ने उससे कहीं ज्यादा मदद की पेशकश कर दी. वान ने बताया कि उसे किसी अजनबी से इतनी मदद और सहानुभूति की उम्मीद नहीं थी. उसने कहा कि इस व्यवहार ने उसे बहुत प्रभावित किया और उसे लगा कि दुनिया में अभी भी अच्छे लोग मौजूद हैं. बाद में वान ने रेस्टोरेंट मालिक से संपर्क किया. दोनों की बातचीत हुई और वान ने कुछ समय के लिए वहां नौकरी करने का फैसला किया. साथ ही उसने अपने नए काम और अनुभवों को वीडियो के जरिए लोगों के साथ शेयर की.

Advertisement

सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसे 4 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया और लाखों लोगों ने इसे पसंद किया. इंटरनेट यूजर्स ने रेस्टोरेंट मालिक की जमकर तारीफ की. एक यूजर ने लिखा- यह वीडियो देखकर मेरी आंखों में आंसू आ गए। मैं चाहता हूं कि हर व्यक्ति को ऐसी दयालुता का अनुभव हो. दूसरे यूजर ने कहा- किसी को एक दिन का भोजन देना अच्छी बात है, लेकिन उसे काम का अवसर देना उससे भी बड़ी मदद है. एक अन्य व्यक्ति ने लिखा- ऐसी कहानियां देखकर विश्वास होता है कि दुनिया में आज भी प्यार, इंसानियत और मदद करने वाले लोग मौजूद हैं.

रेस्टोरेंट मालिक का उपनाम टैन बताया गया है. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने वान का संदेश पढ़ा तो उन्हें उसकी स्थिति पर दया आई. टैन ने बताया कि उनके जीवन में भी ऐसे लोग रहे हैं जिन्होंने मुश्किल समय में उनकी मदद की थी. इसलिए उन्होंने भी जरूरतमंद युवक की सहायता करने का फैसला किया. यह कहानी सिर्फ ज्यादा चावल देने की नहीं है, बल्कि इंसानियत, सहानुभूति और उम्मीद की मिसाल है. रेस्टोरेंट मालिक ने सिर्फ एक भोजन नहीं दिया, बल्कि एक बेरोजगार युवक को आगे बढ़ने का मौका भी दिया। यही वजह है कि यह घटना दुनिया भर के लोगों के दिलों को छू रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement