scorecardresearch
 

5 मिनट की वीडियो कॉल, 3 दिन बाद शादी, 9वें दिन तलाक की नौबत... चीन के युवक की कहानी वायरल

चीन की यह कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. महज 5 मिनट की वीडियो कॉल के बाद शादी और फिर 9 दिन में तलाक की नौबत आने से लोग हैरान हैं. कई यूजर्स इसे 'चट मंगनी, पट ब्याह' की कहावत का नया रूप बताते हुए 'चट शादी, पट तलाक' कह रहे हैं. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह बहस भी छिड़ गई है कि शादी जैसा बड़ा फैसला जल्दबाजी में लेना कितना सही है.

Advertisement
X
 यह मामला चीन के झेजियांग प्रांत का है (सांकेतिक तस्वीर-Pexel)
यह मामला चीन के झेजियांग प्रांत का है (सांकेतिक तस्वीर-Pexel)

शादी से पहले दोनों ने सिर्फ 5 मिनट बात की थी. तीन दिन बाद शादी हो गई. लेकिन शादी के महज 9 दिन बाद पति को ऐसा सच पता चला कि उसने तलाक लेने का फैसला कर लिया. अब मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है और लाखों रुपये का विवाद अलग खड़ा हो गया है.

यह मामला चीन के झेजियांग प्रांत का है, जहां 32 वर्षीय गु (बदला हुआ नाम) अपने माता-पिता की इकलौती संतान है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, 32 वर्षीय गु की लंबे समय से शादी नहीं हो पा रही थी. परिवार भी इसे लेकर परेशान था. आखिरकार उन्होंने एक मैचमेकिंग सेंटर का सहारा लिया और करीब 200 युआन (लगभग 2,300 रुपये) देकर अपना रजिस्ट्रेशन कराया.

कुछ ही समय बाद मैचमेकर ने गु की मुलाकात शानक्सी प्रांत की 30 साल के महिला से कराई. महिला की प्रोफाइल में दावा किया गया था कि उस पर कोई कर्ज नहीं है, उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह गंभीर बीमारी से भी पीड़ित नहीं है. इतना ही नहीं, वह जल्दी शादी करने और दूसरे शहर में बसने के लिए भी तैयार थी.

Advertisement

सिर्फ 5 मिनट की वीडियो कॉल में हो गया फैसला

दोनों के बीच पहली बातचीत वीडियो कॉल पर हुई, जो महज 5 मिनट चली. गु ने महिला से उसके काम और परिवार के बारे में कुछ सवाल पूछे, लेकिन ज्यादातर जवाब मैचमेकर ने ही दिए. इसके बावजूद दोनों परिवारों ने शादी के लिए हामी भर दी.

महिला को मैचमेकर गु के शहर लेकर आया और सिर्फ तीन दिन बाद दोनों ने कानूनी तौर पर शादी भी रजिस्टर करा ली. हैरानी की बात यह रही कि गु का परिवार शादी से पहले महिला के माता-पिता से कभी मिला तक नहीं.

शादी पर खर्च हुए करीब 36 लाख रुपये

इस शादी के लिए गु के परिवार ने मोटी रकम खर्च की.दुल्हन पक्ष को दिए गए 1 लाख युआन (करीब 13.9 लाख रुपये)
मैचमेकिंग एजेंसी की फीस 1.6 लाख युआन (करीब 22.3 लाख रुपये)अन्य खर्चों को मिलाकर कुल रकम 2.65 लाख युआन, यानी लगभग 36 से 37 लाख रुपये हुए थे.

शादी के बाद सामने आई चौंकाने वाली बातें

शादी के कुछ दिन बाद जब गु ने पत्नी की क्रेडिट रिपोर्ट देखी तो उसे पता चला कि महिला पर 1 लाख युआन (करीब 13.9 लाख रुपये) का कर्ज है. जबकि शादी से पहले दावा किया गया था कि उस पर कोई कर्ज नहीं है.महिला ने सफाई देते हुए कहा कि यह कर्ज उसके पूर्व बॉयफ्रेंड की वजह से है. इसी दौरान गु को यह भी पता चला कि महिला का मोबाइल पेमेंट अकाउंट दूसरे नाम से बना हुआ है.

Advertisement

इसके एक दिन बाद महिला ने यह भी बताया कि उसके लीवर एंजाइम्स बढ़े हुए हैं और डॉक्टर ने वजन कम करने की सलाह दी है. हालांकि उसने कहा कि इससे भविष्य में मां बनने की क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

शादी के 9 दिन बाद मांगा तलाक

इन बातों के सामने आने के बाद गु ने शादी के 9वें दिन ही तलाक की बात कही. शुरुआत में महिला इसके लिए तैयार हो गई, लेकिन बाद में उसने अपना फैसला बदल दिया.

अब महिला ने खुद अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की है. साथ ही उसने गु से 50 हजार युआन (करीब 7 लाख रुपये) मुआवजे की मांग भी की है. उसका आरोप है कि इस पूरे विवाद की वजह से वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन का शिकार हो गई.

अब मैचमेकिंग एजेंसी भी कोर्ट में

उधर, गु ने मैचमेकिंग सेंटर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया है. उसका कहना है कि एजेंसी ने महिला के बारे में गलत जानकारी दी, इसलिए 1.6 लाख युआन की फीस वापस की जाए.

हालांकि एजेंसी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया है. उसका कहना है कि शादी हो चुकी थी, इसलिए फीस वापस नहीं की जा सकती. एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों पति-पत्नी मिलकर फर्जी तलाक का नाटक कर रहे हैं.

Advertisement

फिलहाल यह मामला चीन की अदालत में है. कोर्ट के फैसले का इंतजार किया जा रहा है. इस बीच, यह कहानी सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है और लोग बिना पूरी जानकारी के जल्दबाजी में शादी करने के जोखिम पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement