सोशल मीडिया पर लोग खाने के वीडियो डालकर व्यूज बटोरते हैं. लेकिन बांग्लादेश की एक महिला ऐसी हैं, जिनके फूड वीडियो देखकर लोग उनके बेटे के लिए रिश्ते भेजने लगे. वजह सिर्फ खाना नहीं, बल्कि वह अपनापन और गर्मजोशी है, जो उनके हर वीडियो में नजर आती है.
ढाका की रहने वाली 49 साल की अरिफा बेगम आज सोशल मीडिया पर 'स्वप्निल्स अम्मू' और 'नेशनल आंटी' के नाम से मशहूर हो चुकी हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 35 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि फेसबुक पर यह संख्या 2.8 लाख से भी ज्यादा है. उनके वीडियो में अक्सर घर की दावतें, मेहमानों की खातिरदारी और बेटे स्वप्निल के दोस्तों के लिए तैयार किए गए खाने के बड़े-बड़े इंतजाम दिखाई देते हैं.
अरिफा बेगम अपने वीडियोज में अक्सर एक शब्द बोलती हैं- 'शामान्नो आयोजन', यानी छोटा या साधारण इंतजाम. लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स के लिए उनका यह 'साधारण' इंतजाम किसी शाही दावत से कम नहीं होता.
इफ्तार पार्टी के लिए उन्होंने पराठा, अफगानी चिकन, चिकन पफ, आलू चॉप, छोला, बेगुनी, स्प्रिंग रोल, हलीम, दो तरह की पुडिंग और कटे हुए फलों तक की व्यवस्था की. वहीं बेटे स्वप्निल के दोस्तों के लिए उन्होंने बीफ टैकोस, हलीम, स्प्रिंग रोल, डिम चॉप, जूस और कई स्नैक्स तैयार किए.
यह सब देखकर इंटरनेट यूजर्स हैरान रह गए. लोग मजाक में कहने लगे कि अगर इस घर का हिस्सा बनने के लिए शादी करनी पड़े, तो वह भी मंजूर है.
देखें वीडियो
बेटे स्वप्निल के लिए आने लगे रिश्ते
अरिफा बेगम के वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की नजर उनके बेटे स्वप्निल पर गई. शुरुआत में वह कैमरे के पीछे रहकर मां की मदद करते थे, लेकिन जैसे ही लोगों ने उनकी तस्वीरें देखीं, सोशल मीडिया पर मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई.
कई लड़कियों ने कमेंट सेक्शन में लिखा कि वे स्वप्निल से शादी करना चाहती हैं. कुछ ने सीधे मैसेज करके बायोडाटा तक भेज दिया. अरिफा बेगम ने बताया कि कई बार लड़कियों के दोस्त और रिश्तेदार भी रिश्ते लेकर पहुंच जाते हैं.
स्वप्निल ने इस पूरी वायरल फेम पर मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उन्हें लोगों के मीम्स और मजाकिया कमेंट्स काफी पसंद आते हैं. उनके मुताबिक, उनके डीएम में ज्यादातर लोग दो चीजें पूछते हैं- स्किनकेयर रूटीन या फिर शादी.
मां-बेटे की बॉन्डिंग ने जीता लोगों का दिल
हालांकि, यह कहानी सिर्फ खाने की नहीं है. लोगों को अरिफा बेगम और उनके बेटे के बीच की बॉन्डिंग भी बेहद पसंद आ रही है. स्वप्निल अपनी मां को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताते हैं. उनका कहना है कि वह मां से बिना किसी डर के हर बात शेयर करते हैं.
अरिफा बेगम का कहना है कि उनके परिवार में लोगों को खिलाने-पिलाने की परंपरा बहुत पुरानी है. उनके यहां किसी खास मौके का इंतजार नहीं किया जाता, बस साथ बैठकर खाना खाने का बहाना चाहिए होता है.
बहू को ‘राजकुमारी’ की तरह रखेंगे
जब स्वप्निल से पूछा गया कि क्या उन्हें ऐसी लड़की चाहिए जिसे खाना बनाना आता हो, तो उन्होंने बताया कि उनकी मां ने साफ कह दिया है कि अगर उनकी बहू को खाना बनाना नहीं भी आता, तब भी कोई दिक्कत नहीं है.
अरिफा बेगम कहती हैं कि जो भी लड़की इस घर में बहू बनकर आएगी, उसे बेटी की तरह प्यार मिलेगा. वह उसे राजकुमारी की तरह रखेंगी ताकि नए घर में उसे किसी तरह की परेशानी महसूस न हो.
भारत आने की भी जताई इच्छा
अरिफा बेगम ने बातचीत में भारत के लिए अपना प्यार भी जाहिर किया. उन्होंने कहा कि वह पहले भी कई बार भारत आ चुकी हैं और भविष्य में फिर यहां आने की उम्मीद कर रही हैं.
अब सोशल मीडिया पर लोग सिर्फ उनके खाने के नहीं, बल्कि उनके परिवार के भी फैन बन चुके हैं. शायद यही वजह है कि इंटरनेट पर लोग कह रहे हैं-ऐसी सास मिल जाए, तो शादी तुरंत कर लें!