scorecardresearch
 

-5°C तापमान और चारों तरफ बर्फ... अंटार्कटिका की ठंडी हवाओं के बीच ऐसे मनाई गई गणेश चतुर्थी

अंटार्कटिका के मैत्री स्टेशन पर भारतीय वैज्ञानिकों ने बर्फ से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाई और गणेश चतुर्थी की पूजा-अर्चना की. घर से हजारों किलोमीटर दूर हुए इस अनोखे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रहा है.

Advertisement
X
वीडियो की शुरुआत मैत्री स्टेशन के बर्फ से ढके इलाके से होती है (Photos: @anirudhdhar/Instagram)
वीडियो की शुरुआत मैत्री स्टेशन के बर्फ से ढके इलाके से होती है (Photos: @anirudhdhar/Instagram)

गणेश चतुर्थी पर देशभर में बप्पा की पूजा हुई, लेकिन हजारों किलोमीटर दूर अंटार्कटिका में मौजूद भारतीय वैज्ञानिकों ने भी इस त्योहार को खास अंदाज में मनाया. यहां वैज्ञानिकों ने बर्फ से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाई, उसकी पूजा की और फिर उसी से विसर्जन की रस्म भी निभाई. इस अनोखे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

अंटार्कटिका में बर्फ से बनाया गणेश

यह वीडियो गोवा स्थित नेशनल सेंटर फॉर पोलर एंड ओशन रिसर्च (एनसीपीओआर) से जुड़े अनिरुद्ध धर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. वीडियो में अंटार्कटिका के मैत्री स्टेशन पर वैज्ञानिकों का पूरा समूह गणेश चतुर्थी मनाता दिखाई दे रहा है.

वीडियो की शुरुआत मैत्री स्टेशन के बर्फ से ढके इलाके से होती है. इसके बाद वैज्ञानिक आसपास मौजूद बर्फ से भगवान गणेश की छोटी प्रतिमा तैयार करते हैं. बर्फ से बनी इस प्रतिमा को फूलों और माला से सजाया गया.

देखें वीडियो

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Anirudh Dhar (@anirudhdhar)

मैत्री स्टेशन में हुई पूजा

बर्फ से गणेश प्रतिमा तैयार करने के बाद वैज्ञानिकों ने स्टेशन के अंदर पूजा की. इस दौरान सभी ने मिलकर 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारे लगाए. वीडियो में वैज्ञानिक पूजा करते, ताली बजाते और उत्सव मनाते नजर आते हैं.इसके बाद बर्फ से बनी गणेश प्रतिमा का विसर्जन भी किया गया. यानी हजारों किलोमीटर दूर, बर्फीले अंटार्कटिका में वैज्ञानिकों ने गणेश उत्सव की लगभग पूरी परंपरा निभाई.गणेश पूजा और विसर्जन के बाद वैज्ञानिकों ने साथ बैठकर हाथ से बने मोदक भी खाए. इसने अंटार्कटिका के बेहद ठंडे और कठिन माहौल में मनाए गए इस त्योहार को घर जैसा एहसास दिया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: गणेश विसर्जन के जुलूस में अजगर का तमाशा... पुलिस ने हैंडलर को दबोचा, मुर्गी भी बरामद

वीडियो शेयर करते हुए अनिरुद्ध धर ने इसे 'इको-फ्रेंडली इमर्शन' का एक अलग ही उदाहरण बताया. उन्होंने बर्फ से बनी गणेश प्रतिमा को बेहद टिकाऊ बताते हुए लिखा कि यह सेलिब्रेशन घर से करीब 15 हजार किलोमीटर दूर हुआ.

सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आया वीडियो

अंटार्कटिका में भारतीय वैज्ञानिकों का यह अनोखा गणेश चतुर्थी सेलिब्रेशन सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आया. लोगों ने इतनी दूर रहकर भी भारतीय त्योहार की परंपरा और उत्साह को बनाए रखने के लिए वैज्ञानिकों की तारीफ की.

कई यूजर्स ने बर्फ से बनी गणेश प्रतिमा और उसके विसर्जन को बेहद प्यारा बताया. वीडियो में बर्फ से घिरे मैत्री स्टेशन के बीच 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारे इस सेलिब्रेशन को और खास बना रहे हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement