scorecardresearch
 

Surkanda Devi Trek: 9,041 फीट की ऊंचाई पर विराजमान है सुरकंडा देवी मंदिर, पहुंचने का रास्ता है बेहद खूबसूरत

Surkanda Devi Trek: उत्तराखंड का सुरकंडा देवी मंदिर धार्मिक आस्था के साथ अपनी खूबसूरत वादियों और हिमालय के शानदार नजारों के लिए भी जाना जाता है. लगभग 9,041 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर तक पहुंचने का रास्ता बेहद ही खुबसूरत है.

Advertisement
X
खूबसूरत वादियों में करें ट्रेक (Photo- ITG)
खूबसूरत वादियों में करें ट्रेक (Photo- ITG)

Surkanda Devi Trek: अगर आप पहाड़ों में घूमने के साथ किसी धार्मिक स्थल के दर्शन करना चाहते हैं तो उत्तराखंड का सुरकंडा देवी मंदिर आपके लिए बढ़िया ऑप्शन हो सकता है. घने जंगलों, हरी-भरी वादियों और हिमालय की खूबसूरत चोटियों के बीच स्थित यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी जाना जाता है. यहां तक पहुंचने के लिए पहाड़ी रास्ते पर ट्रेक करना पड़ता है. हालांकि, रास्ता पक्का बना हुआ है लेकिन चढ़ाई थोड़ी खड़ी होने के कारण थकान हो सकती है. तो आइए जानते हैं सुरकंडा देवी मंदिर की खासियत, यहां पहुंचने का तरीका और ट्रेक से जुड़ी जरूरी बातें.

कहां स्थित है सुरकंडा देवी मंदिर?

सुरकंडा देवी मंदिर उत्तराखंड के टिहरी जिले में धनोल्टी के पास स्थित है. समुद्र तल से लगभग 2,756 मीटर (9,042 फीट) की ऊंचाई पर बने इस मंदिर को 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, माता सती का सिर इसी स्थान पर गिरा था. यही वजह है कि यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खास महत्व रखता है. यहां नवरात्रि और गंगा दशहरा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.

मंदिर तक पहुंचने का रास्ता है बेहद खूबसूरत
सुरकंडा देवी मंदिर तक पहुंचने के लिए लगभग 2.5 किलोमीटर का ट्रेक करना पड़ता है. रास्ते में पक्की सीढ़ियां और चढ़ाई वाला पक्का ट्रैक मिलता है. पूरे रास्ते में घने जंगल, पहाड़ और घाटियों के सुंदर नजारे दिखाई देते हैं. यहां कई ऐसी जगहें हैं, जहां रुककर आप तस्वीरें ले सकते हैं और प्रकृति की खूबसूरती का आनंद उठा सकते हैं.

Advertisement

इस ट्रेक को आमतौर पर आसान माना जाता है लेकिन लगातार चढ़ाई होने के कारण कुछ लोगों को थकान हो सकती है. इसलिए आराम से चलें और बीच-बीच में रुककर आराम करते रहें. ट्रेक पूरा करने में लगभग डेढ़ से दो घंटे लग सकते हैं. नीचे उतरने में लगभग एक घंटे का समय लग सकता है. यह समय आपकी चलने की गति और मौसम पर निर्भर करता है.

रोपवे से भी पहुंच सकते हैं मंदिर
अगर आप पैदल चढ़ाई नहीं करना चाहते तो यहां रोपवे की सुविधा भी है. रोपवे लगभग 502 मीटर लंबा है और इससे मंदिर के पास तक पहुंचने में लगभग 10 से 15 मिनट लग सकते हैं. 

मंदिर से दिखते हैं हिमालय के शानदार नजारे
मंदिर के आसपास खुली जगह है, जहां से पहाड़ों और घाटियों का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. साफ मौसम में हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां भी देखी जा सकती हैं. यहां ठंडी हवाएं चलती हैं, इसलिए गर्मियों में भी हल्का गर्म कपड़ा साथ रखना अच्छा रहेगा. सर्दियों में तापमान काफी नीचे जा सकता है और बर्फबारी के कारण रास्ता चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

घूमने का सही समय
सुरकंडा देवी मंदिर की यात्रा सालभर की जा सकती है लेकिन मौसम देखकर प्लान बनाना जरूरी है. गर्मियों में यहां का मौसम सुहावना रहता है. मानसून के दौरान हरियाली बढ़ जाती है लेकिन बारिश से रास्ता फिसलन भरा हो सकता है. सर्दियों में बर्फबारी के कारण चढ़ाई मुश्किल हो सकती है. अक्टूबर से अप्रैल के बीच यात्रा करने पर गर्म कपड़े जरूर साथ रखें.

Advertisement

सुरकंडा देवी मंदिर कैसे पहुंचें?

सड़क मार्ग: देहरादून से सुरकंडा देवी मंदिर के ट्रेक के शुरुआती स्थान तक निजी गाड़ी या टैक्सी से पहुंच सकते हैं. देहरादून से बाय रोड लगभग दो घंटे या उससे अधिक लग सकते हैं. समय ट्रैफिक और सड़क की स्थिति पर निर्भर करता है.

बस से: देहरादून से मसूरी के लिए बसें मिलती हैं. हालांकि, मसूरी से धनोल्टी जाने वाली बसों की संख्या सीमित हो सकती है. इसलिए यात्रा पर निकलने से पहले बसों के समय और किराये की जानकारी जरूर ले लें.

हवाई और रेल मार्ग: नजदीकी हवाई अड्डा देहरादून का जॉली ग्रांट एयरपोर्ट है, जबकि देहरादून रेलवे स्टेशन रेल से आने वालों के लिए बेस्ट ऑप्शन है. यहां से आगे बाय रोड ट्रेक के शुरुआती स्थान तक पहुंचा जा सकता है.

इन बातों का रखें ध्यान

  • रास्ते में पानी का कोई भरोसेमंद सोर्स नहीं है, इसलिए पर्याप्त पानी साथ रखें.
  • आरामदायक जूते पहनें और चढ़ाई के दौरान अपनी गति बनाए रखें.
  • बारिश या बर्फबारी के समय रास्ते की स्थिति की जानकारी पहले ले लें.
  • ठंडी हवाओं से बचने के लिए गर्म कपड़े साथ रखें.
  • अगर आप रोपवे से जाना चाहते हैं तो पहले इसकी सुविधा उपलब्ध है या नहीं इसका पता पहले ही कर लें.

अगर आप धार्मिक आस्था के साथ पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद लेना चाहते हैं तो सुरकंडा देवी मंदिर की यात्रा को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. यहां का शांत वातावरण, खूबसूरत नजारे और ट्रेक का अनुभव आपकी यात्रा को यादगार बना सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement