scorecardresearch
 
Advertisement

मोहम्मद अजहरुद्दीन

मोहम्मद अजहरुद्दीन

मोहम्मद अजहरुद्दीन

मोहम्मद अजहरुद्दीन (Mohammed Azharuddin) पूर्व भारतीय क्रिकेटर हैं. अजहरुद्दीन का क्रिकेट की ओर रुझान बचपन में ही हो गया था. उन्होंने स्कूल स्तर से क्रिकेट खेलना शुरू किया और बाद में हैदराबाद की घरेलू टीम का हिस्सा बने. वर्ष 1981-82 में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया. घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली.

उनका जन्म 8 फरवरी 1963 को हैदराबाद में हुआ था. उनके पिता का नाम मोहम्मद अजीजुद्दीन और माता का नाम यूसुफ सुल्ताना था. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई ऑल सेंट्स हाई स्कूल, हैदराबाद से की. इसके बाद उस्मानिया विश्वविद्यालय के निजाम कॉलेज से बैचलर ऑफ कॉमर्स (बी.कॉम.) की डिग्री हासिल की.

उन्होंने दिसंबर 1984 में इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में अपना पहला टेस्ट मैच खेला. इसके बाद वह भारतीय क्रिकेट टीम के नियमित सदस्य बने. अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने भारत के लिए 99 टेस्ट मैच और 334 एकदिवसीय (वनडे) मुकाबले खेले. उन्होंने दाएं हाथ के मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में टीम का प्रतिनिधित्व किया और जरूरत पड़ने पर मध्यम गति की गेंदबाजी भी की.

अजहरुद्दीन ने भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी भी संभाली. उनके नेतृत्व में भारत ने 1990-91 और 1995 के एशिया कप जीते. उन्होंने 1996 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी की, जहां टीम सेमीफाइनल तक पहुंची. इसके अलावा उन्होंने 1985 में विश्व चैम्पियनशिप ऑफ क्रिकेट जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे.

साल 2000 में मैच फिक्सिंग मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया, जिसके बाद उनका क्रिकेट करियर समाप्त हो गया. बाद में वर्ष 2012 में आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट ने इस प्रतिबंध को रद्द कर दिया.

क्रिकेट के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा. वर्ष 2009 में वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए और उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद लोकसभा सीट से सांसद चुने गए. वर्ष 2018 में उन्हें तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया.

सितंबर 2019 में अजहरुद्दीन को हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया. इसके बाद 31 अक्टूबर 2025 को उन्होंने तेलंगाना सरकार में मंत्री पद की शपथ ली. उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण और सार्वजनिक उपक्रम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई. वर्तमान में वह तेलंगाना की राजनीति से जुड़े हुए हैं और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

अजहरुद्दीन ने 1987 में नौरीन से शादी की और उनके दो बेटे हुए - मोहम्मद असदुद्दीन और मोहम्मद अयाज़ुद्दीन. 1996 में उन्होंने नौरीन से तलाक ले लिया और एक्ट्रेस संगीता बिजलानी से शादी की. संगीता ने 2010 में तलाक के लिए अर्ज़ी दी. 

उनके छोटे बेटे अयाज़ुद्दीन की 2011 में बाइक दुर्घटना में मौत हो गई. उनके बड़े बेटे असदुद्दीन एक घरेलू क्रिकेटर हैं और उन्होंने 2019 में सानिया मिर्जा की बहन अनम मिर्जा से शादी की.

और पढ़ें
Follow मोहम्मद अजहरुद्दीन on:

मोहम्मद अजहरुद्दीन न्यूज़

Advertisement
Advertisement