Xiaomi ने भारतीय बाजार में अपना नया टीवी लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने Xiaomi QLED TV X Pro 75 को लॉन्च किया है, जो कंपनी का देश में लॉन्च हुआ अब तक का सबसे बड़ा QLED TV है. ये टीवी 75-inch के 4K डिस्प्ले के साथ आता है. टीवी Dolby Vision, HDR10+ और फिल्म मेकर मोड के साथ आता है.
शाओमी ने इसमें DLG 120Hz और MEMC जैसे मोशल एन्हांसमेंट फीचर जोड़े हैं. टीवी में 34W का स्पीकर सिस्टम मिलता है. अगर आप बड़ी स्क्रीन वाला एक टीवी खरीदना चाहते हैं, तो इस पर विचार कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी डिटेल्स.
Xiaomi QLED TV X Pro 75 को कंपनी ने 69,999 रुपये में लॉन्च किया है. इंट्रोडक्टरी ऑफर के तहत टीवी पर 5000 रुपये का बैंक डिस्काउंट मिल रहा है. डिस्काउंट के बाद इसकी कीमत घटकर 64,999 रुपये हो जाती है.
टीवी की प्रीबुकिंग करने वाले यूजर्स को 4 साल की वारंटी फ्री मिलेगी. 4 साल की इस वांरटी की कीमत 10,999 रुपये है. स्मार्ट टीवी की सेल 27 फरवरी से शुरू होगी. इसे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से खरीदा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Xiaomi की रिपब्लिक डे सेल, 75% तक सेविंग का मौका
Xiaomi QLED TV X Pro 75 में 75-inch का डिस्प्ले मिलता है. इसमें 4K Ultra HD रेज्योलूशन वाला QLED पैनल मिलेगा. टीवी डॉल्बी विजन और HDR10+ सपोर्ट के साथ आएगा, जिससे कॉन्ट्रास्ट और कलर ऑउटपुट बेहतर होगा. इसमें फिल्म मेकर मोड मिलता है, जो पिक्चर क्वालिटी को बेहतर करेगा.
कंपनी का कहना है कि इस टीवी में लगभग बेजललेस डिजाइन मिलेगा. पिक्चर की क्वालिटी और ब्लर को कम करने के लिए DLG और MEMC टेक्नोलॉजी दी गई है. इसके अलावा टीवी में ऑटो लो लेटेंसी मोड मिलता है, जो गेमिंग के लिए टीवी को बेहतर बनाता है.
ये टीवी क्वाड-कोर A55 प्रोसेसर के साथ आता है. इसमें 32GB का इंटरनल स्टोरेज मिलता है. कनेक्टिविटी की बात करें, तो इसमें तीन HDMI पोर्ट मिलते हैं. इसमें डुअल बैंड Wi-Fi और ब्लूटूथ सपोर्ट मिलता है. टीवी में 34W का साउंड दिया गया है.
शाओमी का टीवी PatchWall इंटरफेस के साथ आता है. इसमें Xiaomi TV+ फ्री लाइव TV चैनल्स का एक्सेस मिलेगा. टीवी में हैंडफ्री एक्सपीरियंस के लिए गूगल वॉयस असिस्टेंट दिया गया है.