अक्सर लोगों को पढ़ाई या काम के लिए शहर बदलना पड़ता है. ऐसे में उन्हें अपने आधार कार्ड पर एड्रेस अपडेट करवाने की जरूरत होती है. पहले इसके लिए आधार केंद्र जाना पड़ता था, जहां लंबी लाइन में घंटों इंतजार करना पड़ता था. इससे लोगों का समय भी बर्बाद होता था और काफी परेशानी भी होती थी.
इसी समस्या को ठीक करने लिए भारत सरकार की एजेंसी UIDAI ने पुराने mAadhaar ऐप को 30 जून 2026 से बंद कर दिया और उसकी जगह नया आधार ऐप लॉन्च किया. यह ऐप पहले ही Google Play Store और App Store पर उपलब्ध करा दिया गया था. नए ऐप में कई नए फीचर्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से आधार से जुड़े कई काम अब घर बैठे किए जा सकते हैं.
नए आधार ऐप में आपकी जानकारी पहले से ज्यादा सेफ है. इसमें फेस ऑथेंटिकेशन जैसी फीचर्स दी गई है, जिससे वेरिफिकेशन का प्रोसेस तेज और आसान हो गया है. इसी फीचर की मदद से अब आधार कार्ड पर एड्रेस अपडेट करना भी काफी आसान हो गया है. अगर आप भी अपना एड्रेस बदलना चाहते हैं, तो नीचे बताए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें.
जानिए कैसे करें नए आधार ऐप से एड्रेस अपडेट
सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में नया आधार ऐप डाउनलोड करके उसका सेटअप पूरा करें. सेटअप पूरा होने के बाद ऐप खोलें. आपको सबसे पहले अपना मास्क्ड आधार कार्ड दिखाई देगा. इसके नीचे दिए गए Services ऑप्शन पर टैप करें.
अब आपके सामने एक नया पेज खुलेगा, जहां आधार से जुड़ी सभी ऑनलाइन सर्विस दिखाई दंगे. यहां Address Update ऑप्शन पर टैप करें. इसके बाद आपको अपना पुराना एड्रेस दिखाई देगा और उसके नीचे एड्रेस अपडेट करने के दो ऑप्शन मिलेंगे.
पहले ऑप्शन में आप अपने एड्रेस प्रूफ की फोटो अपलोड करके नया एड्रेस अपडेट कर सकते हैं. वहीं दूसरे ऑप्शन में आप अपने परिवार के किसी सदस्य के आधार कार्ड की मदद से भी एड्रेस बदल सकते हैं. अपनी जरूरत के हिसाब से किसी एक ऑप्शन को चुनें.
अब जरूरी डॉक्यूमेंट या परिवार के सदस्य का आधार कार्ड अपलोड करें. इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें. वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ₹75 की फीस का ऑनलाइन पेमेंट करना होगा. पेमेंट होने के बाद आपको Service Request Number (SRN) मिलेगा, जिसकी मदद से आप अपने एड्रेस अपडेट का स्टेटस कभी भी ट्रैक कर सकते हैं.
UIDAI के मुताबिक, एड्रेस अपडेट होने में करीब 15 दिन तक का समय लग सकता है. अगर आपके सभी डॉक्यूमेंट सही हैं, तो बिना आधार केंद्र जाए घर बैठे ही आपका एड्रेस अपडेट हो जाएगा.
अगर आप भी हाल ही में किसी नए शहर में शिफ्ट हुए हैं, तो नए आधार ऐप की मदद से कुछ ही मिनटों में एड्रेस अपडेट की रिक्वेस्ट कर सकते हैं. इससे आपको आधार केंद्र के चक्कर लगाने और लंबी लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी.