आईफोन के दीवानों के लिए खुशखबरी है. अंदरूनी सूत्रों से जानकारी मिली है कि एप्पल अगले महीने एक ईवेंट में न्यू जेनरेशन वाला आईफोन लॉन्च करने जा रहा है.
बताया जा रहा है कि 10 सितंबर को होने वाले एक ईवेंट में एप्पल अपने नए आईफोन 5S को लॉन्च कर देगा. यही नहीं इसी दौरान आईफोन 5S के अलावा सस्ता आईफोन भी पेश किया जाएगा, जो प्लास्टिक से बना होगा.
यह भी माना जा रहा है कि आईफोन 5S में एक खास तरह का सेंसर लगा होगा जो अपने मालिक के फिंगरप्रिट्स से उसकी पहचान कर लेगा.
उधर, स्मार्टफोन 5C के नाम से कुछ तस्वीरें लीक हो गईं हैं. माना जा रहा है कि यही आईफोन का सबसे सस्ता वर्जन है, जिसकी बॉडी प्लास्टिक की बनी है. वेबसाइट AllthingsD के मुतबिक दूसरी कंपनियों की तुलना में ज्यादा कीमत की वजह से एप्पल नए मार्केट्स में अपनी जगह नहीं बना पा रहा है. ऐसे में सितंबर में होने वाला ईवेट एप्पल के लिए काफी अहम माना जा रहा है.
इससे पहले एप्पल ने इस समस्या को सुलझाने के लिए अपने पुराने मॉडल्स को सस्ते में बेचने की पहल की थी, लेकिन बाजार में मौजूद सस्ते एंड्रॉयड फोन्स के चलते उसकी यह योजना भी खटाई में पड़ गई.
यह भी माना जा रहा है कि एप्पल के नए फोन नए ऑपरेटिंग सिस्टम आईओएस 7 के साथ आएंगे. कंपनी ने आईओएस 7 का ऐलान जून में डिवेलपर्स कॉन्फ्रेंस में किया था.
खबरों के मुताबिक आईफोन 5S में आईओएस 7 की वजह से स्लोमोशन कैमरा और फिंगरप्रिंट सेंसर जैसे बेहद खास फीचर्स होंगे. यही नहीं यूजर्स 30 फ्रेम/सेकेंड के बजाए 120 फ्रेम/ सेकेंड के रेट से वीडियो भी रिकॉर्ड कर पाएंगे. इस फीचर की वजह से यूजर स्लो-मोशन फिल्म्स बना सकते हैं.
यूजर्स अपने हेड मूवमेंट से मेन्यू स्वाइप कर सकते हैं और एप्प सेलेक्ट करने के साथ ही डीवाइस की स्क्रीन को पूरी तरह से कंट्रोल कर सकते हैं.