ऑस्ट्रेलियाई ओपन 2023 में पुरुष सिंगल्स के फाइनल मुकाबले तय हो गए हैं. फाइनल मुकाबले में सर्बिया के नोवाक जोकोविच का सामना ग्रीस के स्टेफानोस सितसिपास से होगा. नोवाक जोकोविच की नजरें 22वें ग्रैंड स्लैम खिताब पर होंगी. वहीं सितसिपास पहली बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीतना चाहेंगे. फाइनल मुकाबला रविवार (29 जनवरी) को खेला जाएगा.
नोवाक जोकोविच ने सेमीफाइनल मुकाबले में यूएसए के गैर-वरीयता प्राप्त खिलाड़ी टॉमी पॉल को 2 घंटे 20 मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में 7-5, 6-1, 6-2 से पराजित किया. सेमीफाइनल में जोकोविच ने केवल 8 गेम गंवाए और उन्होंने टॉमी पॉल को वापसी का कोई मौका नहीं दिया जो अपना पहला ग्रैंडस्लैम सेमीफाइनल खेल रहे थे.
semifinals: ✔️✔️✔️✔️✔️✔️✔️✔️✔️✔️ finals: 🏆🏆🏆🏆🏆🏆🏆🏆🏆❓
— #AusOpen (@AustralianOpen)
Will X mark the spot for on Sunday? • • • •
देखा जाए तो जोकोविच 10वीं बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं. इससे पहले उन्होंने नौ मौके पर इस ग्रैंड स्लैम के फाइनल में जगह बनाई थी और वह उस दौरान खिताब जीतने में भी सफल रहे थे. कुल मिलाकर जोकोविच 33वीं बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं.
सितसिपास दूसरी बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में
उधर स्टेफानोस सितसिपास ने सेमीफाइनल मुकाबले में रूसी खिलाड़ी कारेन खचानोव को 7-6 (2), 6-4, 6-7 (6), 6-3 से हराया. स्टेफानोस सितसिपास ने दूसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में जगह बनाई है. वहीं खचानोव का पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया. हालांकि तीसरी सीड सितसिपास को 18वीं सीड खचानोव ने कड़ी टक्कर दी और तीसरे सेट में वह जीत हासिल करने में भी सफल रहे.
सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम फाइनल (पुरुष सिंगल्स)
33- नोवाक जोकोविच
31- रोजर फेडरर
30- राफेल नडाल
19- इवान लेंडल
18- पीट सम्प्रास
जोकोविच को इस टूर्नामेंट की शुरुआत में हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझना पड़ा था, लेकिन अब वह अपने पीक पर पहुंच चुके हैं और उन्होंने पिछले 3 राउंड में केवल 20 गेम गंवाए हैं. अब फाइनल मुकाबला जीतकर नोवाक जोकोविच के पास जून 2022 के बाद पहली बार वर्ल्ड नंबर 1 बनने का अवसर है. ऐसा ही उनके प्रतिद्वंद्वी सितसिपास के पास भी होगा, जो अपने करियर में पहली बार नंबर एक रैंकिंग का पीछा कर रहे हैं.
नडाल की बराबरी करेंगे जोकोविच?
नोवाक जोकोविच के पास अब फाइनल मैच जीतकर सबसे ज्यादा पुरुष सिंगल्स में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब के मामले में राफेल नडाल की बराबरी करने का मौका होगा. जोकोविच फिलहाल 21 टाइटल के साथ दूसरे नंबर पर हैं. स्पेन के स्टार प्लेयर राफेल नडाल 22 ग्रैंड स्लैम खिताब के साथ फिलहाल टॉप पर हैं.
सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम (पुरुष सिंगल्स)
1. राफेल नडाल (स्पेन)- 22 (ऑस्ट्रेलियन-2, फ्रेंच-14, विम्बलडन-2, यूएस-4)
2. नोवाक जोकोविच (सर्बिया )- 21 (ऑस्ट्रेलियन-9, फ्रेंच-2, विम्बलडन-7, यूएस-3)
3. रोजर फेडरर (स्विट्जरलैंड)- 20 (ऑस्ट्रेलियन-6, फ्रेंच-1, विम्बलडन-8, यूएस-5)
4. पीट सैम्प्रास (अमेरिका)-14 (ऑस्ट्रेलियन-2, फ्रेंच-0, विम्बलडन-7, यूएस-5)