भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में अपना आखिरी ग्रुप मैच ऑस्ट्रेलिया से खेला. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हरा दिया. 2 अगस्त (शुक्रवार) को खेले गए इस मैच में भारत की ओर से अभिषेक (18वें मिनट) और कप्तान हरमनप्रीत सिंह (13वें एवं 33 मिनट) ने गोल दागे. वहीं कंगारू टीम की ओर से थॉमस क्रेग (25वें मिनट) और ब्लेक गोवर्स (55वें मिनट) ने स्कोर किए.
भारतीय हॉकी टीम ने 52 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को ओलंपिक गेम्स में हराया है. 1972 के म्यूनिख ओलंपिक के बाद यह पहली बार है जब भारत ने ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया को हराया है. यानी भारत की कंगारू टीम के खिलाफ ये जीत काफी ऐताहिसक रही. बता दें कि भारतीय टीम पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी थी.
The outclass Australia in a thrilling match at the to finish second in Pool B with 10 points (3 Wins, 1 Draw , 1 Loss).
— SAI Media (@Media_SAI)
This is India’s first-ever win over Australia in the Olympics since 1972 Munich.
With brilliant saves by PR Sreejesh and…
ऐसा रहा भारत-ऑस्ट्रेलिया का मैच
इस मुकाबले के पहले क्वार्टर में भारतीय टीम का दबदबा रहा और उसने दो गोल दागे. पहले अभिषेक ने फील्ड गोल किया. यह गोल जवाबी हमले से हुआ. पहले ललित उपाध्याय ने डी में प्रवेश किया और ऑस्ट्रेलियाई डिफेंस को चकमा दिया. फिर अभिषेक ने चार्टर की ओर गेंद को फ्लिक करते हुए गोल किया. फिर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारतीय टीम को 2-0 से आगे कर दिया.
दूसरे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी की, जब थॉमस क्रेग पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करने में कामयाब रहे. फिर तीसरे क्वार्टर में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल दागकर भारत को 3-1 से आगे कर दिया. आखिरी क्वार्टर रोमांचक रहा, जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मैच में वापसी की पूरी कोशिश की. ब्लेक गोवर्स ने 55वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल भी दागा, लेकिन यह जीत दिलाने या बराबरी करने के लिए काफी नहीं था.

टोक्यो में 41 साल बाद ओलंपिक पदक जीतने वाली भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 3-2 से मात दी थी. फिर उसने अर्जेंटीना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला. इसके बाद भारतीय टीम ने तीसरे मैच में आयरलैंड को 2-0 से रौंदा था. हालांकि उसे टोक्यो ओलंपिक की चैम्पियन बेल्जियम के खिलाफ जरूर 1-2 से हार झेलनी पड़ी थी.
पूल-बी में भारत के अलावा न्यूजीलैंड, अर्जेंटीना, आयरलैंड, बेल्जियम और ऑस्ट्रेलिया हैं. वहीं पूल-ए में नीदरलैंड्स, जर्मनी, ब्रिटेन, स्पेन, साउथ अफ्रीका और मेजबान देश फ्रांस शामिल हैं. दोनों ही ग्रुपों से चार-चार टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली हैं. पूल-बी में भारत दूसरे स्थान पर रहकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है. जबकि बेल्जियम पूल-बी में टॉप पर रहा. पूल-बी से ऑस्ट्रेलिया और अर्जेंटीना भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है.
पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए भारतीय हॉकी टीम
गोलकीपर: पी आर श्रीजेश.
डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय.
मिडफील्डर: राजकुमार पाल, शमशेर सिंह, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद.
फॉरवर्ड: अभिषेक, सुखजीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, मंदीप सिंह, गुरजंत सिंह.
वैकल्पिक खिलाड़ी : नीलकांत शर्मा, जुगराज सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक.