scorecardresearch
 

Asian Games: एशियन गेम्स के लिए भारतीय दल का ऐलान, 634 खिलाड़ियों को मिली जगह

हांग्जो एशियन गेम्स में भारत की ओर से 634 खिलाड़ी भाग लेंगे. भारत की ओर से सबसे ज्यादा 65 खिलाड़ी ट्रैक एवं फील्ड इवेंट में शिरकत करने जा रहे हैं. एशियाई खेलों का आयोजन 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक चीन के हांग्जो में किया जाना है.

Advertisement
X
बजरंग पूनिया (@Getty Images)
बजरंग पूनिया (@Getty Images)

खेल मंत्रालय ने 23 सितंबर से शुरु होने वाले एशियन गेम्स के लिए 634 भारतीय खिलाड़ियों के नामों को मंजूरी दे दी है. अबकी बार एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ी 38 स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे. एशियाई खेलों का आयोजन 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक चीन के हांग्जो में किया जाना है. 2018 के जकार्ता एशियाड में भारत के 572 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था.

एशियन गेम्स 2022-23 में ट्रैक एवं फील्ड इवेंट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा 65 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिसमें 34 पुरुष और 31 महिलाएं शामिल हैं. इसके बाद फुटबॉलर का नंबर आता है, जिसके लिए 44 फुटबॉलर्स (22 पुरुष और इतनी ही महिला) को जगह मिली है. हॉकी का दल तीसरे नंबर पर है जिसमें 36 खिलाड़ी शामिल हैं. मंत्रालय ने हॉकी स्पर्धाओं के लिए पुरुष और महिला वर्ग से 18-18 खिलाड़ी चुने हैं.

वहीं पुरुष और महिला क्रिकेट टीम में 15-15 सदस्य मौजूद हैं. निशानेबाजी में 30 और नौकायन से 33 खिलाड़ियों को मंजूरी मिली है. मंत्रालय ने भारोत्तोलन, जिम्नास्टिक्स, हैंडबॉल और रग्बी में किसी भी पुरुष खिलाड़ी को जगह नहीं दी है. कुराश (मार्शल आर्ट) और भारोत्तोलन (दोनों महिलाएं) में दो खिलाड़ियों को मंजूरी मिली है, जबकि सूची में एक ही जिम्नास्ट शामिल है.

Advertisement

बजरंग पूनिया को भी मिली जगह

स्टार पहलवान बजरंग पूनिया (65 किग्रा) का नाम भी सूची में शामिल किया गया है. बजरंग पिछले महीने एशियाड ट्रायल्स खेले बिना टीम में चुने गए थे. हालांकि विशाल कालीरमन इस वजन वर्ग में ट्रायल्स में विजेता रहे थे और उन्होंने मंत्रालय ने अपना नाम इसमें शामिल करने की अपील की है. बजरंग पूनिया ने हालांकि संकेत दिया है कि वह एशियाई खेलों से हट सकते हैं, अगर खाप पंचायत उन्हें ऐसा करने के लिए कहेगी.

आर. प्रज्ञानंद पर भी होंगी निगाहें

पहलवान अंतिम पंघाल (53 किग्रा) का नाम सूची में शामिल है क्योंकि 2018 जकार्ता एशियाड स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट ने घुटने की चोट के कारण हटने का फैसला किया जिन्हें ट्रायल्स में छूट देते हुए सीधे प्रवेश दिया गया था. भारतीय शतरंज खिलाड़ी कोनेरु हम्पी शतरंज की मजबूत टीम का हिस्सा हैं, जिसमें डी हरिका और आर. प्रज्ञानंदा शामिल हैं. प्रज्ञानंद ने हाल ही में चेस वर्ल्ड कप में भाग लिया था, जहां वह फाइनल में मैगनस कार्लसन से हार गए थे.

पहली बार भारत अपनी क्रिकेट टीम भेज रहा

एशियन गेम्स में तीसरी बार क्रिकेट का इवेंट आयोजित होगा. 2014 और 2014 के गेम्स में भी क्रिकेट का इवेंट रखा गया था, जहां बीसीसीआई ने ना तो पुरुष और ना ही वूमेन्स टीम को भेजा था. 2010 के खेलों में बांग्लादेश और पाकिस्तान ने क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में गोल्ड जीता था. वहीं 2014 में श्रीलंकाई ने पुरुष वर्ग में और पाकिस्तान ने महिला वर्ग में गोल्ड अपने नाम किया.

Advertisement

19वें एशियाई खेलों का आयोजन पिछले साल ही 10 से 25 सितंबर तक होना था, लेकिन चीन में कोरोना वायरस मामले के बढ़ने के बाद इन खेलों को स्थगित कर दिया गया था. कुल मिलाकर एशियाई खेलों का तीसरी बार चीन में आयोजित होने जा रहा है. चीन की राजधानी बीजिंग ने साल 1990 में एशियाई खेलों की मेजबानी की, जबकि गुआंगझोऊ को साल 2010 में इस प्रतिष्ठित खेल की मेजबानी का मौका मिला.


 

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement