मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो को लेकर सनसनीखेज अटकलें तेज हो गई हैं. खबर है कि उनका £61 मिलियन (करीब 650 करोड़ रुपये) का लग्जरी प्राइवेट जेट आधी रात को सऊदी अरब से उड़ान भरकर स्पेन की राजधानी मैड्रिड पहुंच गया. फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक बॉम्बार्डियर ग्लोबल एक्सप्रेस 6500 ने शाम 8 बजे रियाद से उड़ान भरी और लगभग सात घंटे बाद रात 1 बजे मैड्रिड में लैंड किया.
रियाद, जहां 41 साल के रोनाल्डो अपनी पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिगेज और पांच बच्चों के साथ रहते हैं, हाल के दिनों में हमलों की जद में रहा है. अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमले की खबरों के बाद कई विदेशी नागरिकों ने मिडिल ईस्ट छोड़ना शुरू कर दिया है. फ्लाइट डेटा से पता चलता है कि रोनाल्डो का जेट मिस्र और भूमध्य सागर के ऊपर से होते हुए स्पेन पहुंचा.
अमेरिकी विदेश विभाग ने भी सुरक्षा जोखिमों का हवाला देते हुए नागरिकों को कई मध्य-पूर्वी देशों से निकलने की सलाह दी थी. बताया जा रहा है कि रियाद जाने वाली कई उड़ानें बीच रास्ते से लौट गईं.
2024 में खरीदा था ‘ब्लैक बीस्ट’ जेट
रोनाल्डो ने 2024 में अपना पुराना Gulfstream G200 बेचकर नया Bombardier Global Express 6500 खरीदा था, जिसकी कीमत लगभग £61 मिलियन है. ऑल-ब्लैक जेट में 15 यात्रियों की क्षमता है. इसमें लग्जरी सीटिंग एरिया, डबल बेड वाला सुइट और अलग शॉवर एरिया जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. जेट पर उनका लोगो और गोल सेलिब्रेशन की सिलुएट भी कस्टमाइज की गई है. हाल ही में जॉर्जीना ने इसी जेट से मिलान की यात्रा की तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा की थी.
चोटिल हैं रोनाल्डो, क्लब मैच टला
रोनाल्डो इस समय सऊदी प्रो लीग में अल-नस्र (Al-Nassr FC) के लिए खेलते हैं और रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब £4.88 लाख प्रतिदिन कमाते हैं. शनिवार को Al Fateh SC के खिलाफ 3-1 की जीत में उन्हें मांसपेशियों की चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा. बढ़ते तनाव के कारण अल-नस्र का एशियन चैंपियंस लीग टू क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी स्थगित कर दिया गया है.
क्या वाकई सऊदी से निकले हैं?
हालांकि जेट की उड़ान ने अटकलों को हवा दी है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि रोनाल्डो खुद सऊदी से निकले हैं या नहीं. कई बार खिलाड़ी अपने विमान का इस्तेमाल परिवार या अन्य कारणों से भी करते हैं. आधिकारिक पुष्टि के बिना यह कहना मुश्किल है कि वे स्थायी रूप से सऊदी छोड़ रहे हैं या यह सिर्फ अस्थायी सुरक्षा कदम है.
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और वैश्विक राजनीति के बीच रोनाल्डो की यह उड़ान खेल से ज्यादा भू-राजनीतिक सुर्खियों में आ गई है. अब नजर इस बात पर है कि क्या वह जल्द सऊदी लौटेंगे या हालात सामान्य होने तक यूरोप में ही रहेंगे.