टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने अपने पिता योगराज सिंह का जन्मदिन परिवार के साथ मिलकर मनाया. इस खास मौके का एक वीडियो योगराज सिंह ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसमें पिता-पुत्र के बीच का मजबूत रिश्ता और इमोशनल बॉन्डिंग साफ नजर आ रहा है. युवी के पिता योराज 25 मार्च को 68 साल के हो गए.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवराज सिंह अपने पिता संग गले लगते हैं. इस दौरान युवराज के छोटे भाई जोरावर सिंह और भाभी नीलम (जोरावर की वाइफ) भी जश्न में शरीक होते हैं. सभी मिलकर केक काटते हुए इस खास दिन को सेलिब्रेट करते हैं. पूरा माहौल बेहद सादा, लेकिन खुशी और अपनापन से भरा नजर आता है.
सबसे ज्यादा दिल छू लेने वाला पल तब आता है, जब युवराज सिंह अपने बच्चों से वीडियो कॉल पर बात करवाते हैं. इस दौरान योगराज खुद ही बच्चों से बात करते हुए 'हैप्पी बर्थडे टू मी' गाना गाते हैं. यह नजारा इतना प्यारा और इमोशनल है कि देखने वालों का दिल जीत लेता है.
फैन्स इस खूबसूरत पल पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं. कई लोगों ने इसे 'फैमिली गोल्स' बताया, तो कई ने पिता-पुत्र के रिश्ते की गहराई की तारीफ की. यह वीडियो साफ दिखाता है कि युवराज सिंह सिर्फ मैदान के हीरो नहीं, बल्कि अपने परिवार के लिए भी उतने ही खास हैं. क्रिकेट से दूर यह उनका एक ऐसा रूप है, जो सीधे दिल को छू जाता है.
योगराज सिंह की पर्सनल लाइफ काफी उतार-चढ़ाव से भरी रही है. उनकी पहली शादी शबनम कौर से हुई थी, जिनसे उन्हें दो बेटे हुए. बड़े बेटे का नाम युवराज सिंह और छोटे बेटे का नाम जोरावर सिंह है. हालांकि शबनम संग योगराज का रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका और दोनों का तलाक हो गया.
उस वक्त युवराज काफी छोटे थे और उन्होंने अपनी मां शबनम के साथ रहने का फैसला किया. तलाक के बाद योगराज सिंह ने पंजाबी अभिनेत्री सतवीर कौर (नीना बुंदेल) से दूसरी शादी की. इस शादी से योगराज सिंह के दो बच्चे हैं. सतवीर-योगराज के बेटे का नाम विक्टर सिंह और बेटी का नाम अमरजोत कौर है.
योगराज का ऐसा रहा करियर
अगर योगराज सिंह के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में खेला, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका प्रदर्शन ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा. योगराज ने टीम इंडिया के लिए सिर्फ 1 टेस्ट और 6 वनडे मैच खेले. उन्होंने 21 फरवरी 1981 को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया, जो उनके करियर का इकलौता टेस्ट साबित हुआ. इस मुकाबले में उन्होंने जॉन राइट को आउट कर एक विकेट हासिल किया.
योगराज सिंह का ओडीआई डेब्यू 21 दिसंबर 1980 को ब्रिस्बेन में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुआ, जहां उन्होंने 2 विकेट झटके. कुल 6 वनडे मैचों में उनके नाम 4 विकेट दर्ज हैं. घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा. उन्होंने 30 फर्स्ट क्लास मैचों में 398 रन बनाने के साथ 66 विकेट भी लिए, जबकि 13 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके खाते में 39 रन और 14 विकेट दर्ज हैं.