scorecardresearch
 

वैभव सूर्यवंशी के लिए इंग्लैंड दौरे पर क्यों होगा अलग ड्रेसिंग रूम? जानें इस नियम की पूरी कहानी, ICC भी नहीं दे सकती दखल

महज 15 साल की उम्र में टीम इंडिया तक पहुंचने वाले वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम के साथ रहेंगे, लेकिन उन्हें सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने की अनुमति नहीं होगी. आखिर इसके पीछे कौन-सा नियम काम कर रहा है, आइए जानते हैं...

Advertisement
X
वैभव सू्र्यवंशी आयरलैंड पहुंच चुके हैं. (Photo: Getty)
वैभव सू्र्यवंशी आयरलैंड पहुंच चुके हैं. (Photo: Getty)

क्रिकेट जगत के नए सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक टीम इंडिया के लिए एक भी मैच नहीं खेला है, लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले ही वह सुर्खियों में आ गए हैं. इसकी वजह उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि यूनाइटेड किंगडम (UK) का एक ऐसा नियम है, जिसके चलते उन्हें भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों से अलग ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करना होगा.

महज 15 साल के वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है. अगर उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारतीय टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के प्लेयर बन जाएंगे. हालांकि मैदान पर उतरने से पहले ही उन्हें एक अलग व्यवस्था के तहत रहना होगा.

क्यों अलग होगा वैभव का ड्रेसिंग रूम?
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की सेफगार्डिंग पॉलिसी के अनुसार 16 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को वयस्क खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम और शॉवर सुविधाएं साझा करने की अनुमति नहीं है. चूंकि वैभव अभी 15 साल के हैं, इसलिए उन्हें भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों के साथ चेंजिंग रूम इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं मिलेगी.
यह भी पढ़ें: टोंक से डबलिन तक का सफर, आयरलैंड T20 टीम में चुने गए जय मूंदड़ा अब भारत के खिलाफ करेंगे डेब्यू

Advertisement

यानी संजू सैमन, श्रेयस अय्यर और अन्य सीनियर खिलाड़ियों के साथ वैभव सूर्यवंशी टीम मीटिंग, अभ्यास सत्र और मैच की तैयारियों में तो शामिल रहेंगे, लेकिन कपड़े बदलने और शॉवर जैसी सुविधाओं के लिए उन्हें अलग कमरा दिया जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक जरूरत पड़ने पर वह मुख्य ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन तब जब वहां कोई अन्य खिलाड़ी मौजूद ना हो.
यह भी पढ़ें: आयरलैंड में जहां होने जा रहा है वैभव सूर्यवंशी का T20I डेब्यू, वहां कैसा है टीम इंड‍िया का रिकॉर्ड

ब्रिटेन में यह नियम सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है. कई खेलों में इसे सख्ती से लागू किया जाता है. इससे पहले इंग्लिश फुटबॉल क्लब आर्सेनल को भी युवा खिलाड़ियों ईथन नवानेरी और मैक्स डाउमैन के लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था करनी पड़ी थी क्योंकि दोनों 16 साल से कम उम्र में सीनियर टीम का हिस्सा बने थे.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट्स के अनुसार इस मामले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भी कोई हस्तक्षेप नहीं करने जा रही है. सूत्रों ने इस अखबार को बताया कि भारत vs आयरलैंड और भारत vs इंग्लैंड टी20 सीरीज आईसीसी इवेंट नहीं हैं, बल्कि द्विपक्षीय सीरीज हैं. ऐसे में स्थानीय कानून और सुरक्षा नियम ही लागू होंगे.

आयरलैंड दौरे पर भी यही रूल
क्रिकेट आयरलैंड ने भी पुष्टि की है कि आयरलैंड दौरे के दौरान वैभव सूर्यवंशी पर यही नियम लागू रहेगा. भारतीय टीम को तीन अलग-अलग कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा सके.

Advertisement

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले कुछ महीनों में जो किया है, उसने उन्हें भारतीय क्रिकेट का सबसे चर्चित युवा खिलाड़ी बना दिया है. अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 175 रन, आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी और हाल ही में इंडिया-ए के लिए फाइनल में 29 गेंदों पर 94 रनों की विस्फोटक पारी ने उन्हें लाइमलाइट में ला दिया.

अब पूरा देश वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का इंतजार कर रहा है. हालांकि यूके के नियमों के चलते उनका ड्रेसिंग रूम अलग होगा, लेकिन मैदान पर उनसे उम्मीदें बिल्कुल वैसी ही होंगी जैसी किसी बड़े स्टार खिलाड़ी से होती हैं. 15 साल का यह बल्लेबाज फिलहाल क्रिकेट की दुनिया का सबसे चर्चित किशोर है और आयरलैंड-इंग्लैंड दौरा उनके करियर का अगला बड़ा पड़ाव साबित हो सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement