अगर किसी ने कहा होता कि 20-20 ओवर के मैच में 537 रन, 51 छक्के, तीन शतक और T20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज देखने को मिलेगा, तो शायद यकीन करना मुश्किल होता. लेकिन मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 के एलिमिनेटर-1 में ठीक ऐसा ही हुआ. ओकलैंड (Oakland) में खेले गए इस मुकाबले ने T20 क्रिकेट की सीमाएं ही बदल दीं.
MI न्यूयॉर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 266/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में वॉशिंगटन फ्रीडम ने महज 18.4 ओवरों में 270/4 बनाकर छह विकेट से जीत दर्ज कर ली. यानी दोनों टीमों ने मिलकर 537 रन बनाए और 51 छक्के उड़ाए. यह T20 क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया.
इससे पहले यह रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम था, जिसने IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रन का लक्ष्य हासिल किया था. वहीं तीसरे स्थान पर भी पंजाब किंग्स ही है, जिसने IPL 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रन का सफल पीछा किया था.
266 रन... फिर भी हार
आमतौर पर 200 का स्कोर ही T20 में मैच जिताने के लिए काफी माना जाता है. 220-230 बनने पर मुकाबला लगभग एकतरफा हो जाता है.. लेकिन यहां 266 रन भी जीत की गारंटी नहीं बन सके.
निकोलस पूरन ने सिर्फ 31 गेंदों में शतक जड़कर MLC इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी बना डाली. उन्होंने 106 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनके साथ कीरोन पोलार्ड ने 25 गेंदों में 64 रन ठोकते हुए अपने करियर के 1000 T20 छक्के भी पूरे कर लिए. क्विंटन डी कॉक ने भी अर्धशतक लगाया.
How about a 31-ball century?!
— 7Cricket (@7Cricket) July 16, 2026
Here's every one of those 31 balls from Nicholas Pooran in the MLC, featuring five fours and TWELVE sixes 🤯 pic.twitter.com/3hnxo8LWJM
13 ओवरों में MI न्यूयॉर्क का स्कोर 211/3 था और ऐसा लग रहा था कि टीम 300 रनों का आंकड़ा भी पार कर जाएगी. लेकिन रचिन रवींद्र ने आखिरी ओवरों में चार विकेट लेकर स्कोर को 266 पर रोक दिया.
10 रन पर दो विकेट... फिर आया तूफान
267 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉशिंगटन फ्रीडम की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही. सिर्फ 10 रन पर दो विकेट गिर गए. शाकिब अल हसन ने नई गेंद से दोनों शुरुआती बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया.
यहीं से एंड्रीस गॉस और कप्तान स्टीव स्मिथ ने इतिहास लिखना शुरू किया.
दोनों ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 89 गेंदों में 241 रन जोड़ दिए, जो T20 इतिहास की संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. गॉस ने 56 गेंदों में 132 रन बनाए, जबकि स्मिथ ने 49 गेंदों में नाबाद 110 रन ठोके. दोनों ने सिर्फ 40-40 गेंदों में अपने-अपने शतक पूरे किए.
A Steve Smith hundred in the MLC off just 40 balls!
— 7Cricket (@7Cricket) July 16, 2026
And his Washington Freedom are on the verge of chasing down 267. Two hundred and sixty seven.
Tune into 7plus for the finish: https://t.co/FbUhjSXNB2 pic.twitter.com/8l5pUQx6Mc
एक मैच... तीन शतक
यह मुकाबला इसलिए भी ऐतिहासिक बन गया क्योंकि पुरुष T20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार एक ही मैच में तीन बल्लेबाजों ने शतक लगाए.
निकोलस पूरन - 106 रन
एंड्रीस गॉस -132 रन
स्टीव स्मिथ - 110* रन
तीनों बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की कि रिकॉर्ड बुक फिर से लिखनी पड़ी.
51 छक्कों की बारिश
इस मैच में चौकों से ज्यादा चर्चा छक्कों की रही. दोनों टीमों ने मिलकर 51 छक्के लगाए. हर कुछ मिनट बाद गेंद स्टैंड में पहुंच रही थी. एक समय ऐसा लगा कि गेंदबाज सिर्फ औपचारिकता निभा रहे हैं.
रिकॉर्ड्स की सुनामी
- 537 रन - मैच में दोनों टीमों का संयुक्त स्कोर
- 51 छक्के - पूरे मुकाबले में लगे
- 267 रन का सफल पीछा - T20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज
- 3 शतक - पुरुष T20 के एक मैच में पहली बार
- निकोलस पूरन- 31 गेंदों में MLC इतिहास का सबसे तेज शतक
- एंड्रीस गॉस – MLC में शतक लगाने वाले पहले अमेरिकी बल्लेबाज
- कीरोन पोलार्ड - T20 क्रिकेट में 1000 छक्के पूरे
- गॉस-स्मिथ की 241 रन की साझेदारी – T20 इतिहास की संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी
क्रिकेट में कई बड़े स्कोर, कई तेज शतक और कई रोमांचक रन चेज देखने को मिले हैं, लेकिन 537 रन, 51 छक्के, तीन शतक और 267 रन का सफल पीछा- इन चारों का एक ही मैच में होना शायद वर्षों तक याद रखा जाएगा. MLC 2026 का यह मुकाबला अब सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि T20 क्रिकेट के इतिहास का नया मानक बन चुका है.