scorecardresearch
 

वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स में की चौके-छक्कों की बारिश, गुरु गंभीर का रिएक्शन Viral

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया था. गंभीर ने कहा था कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली हैं और अच्छी फॉर्म में भी हैं, लेकिन कभी-कभी आपको अपने मौके का इंतजार करना पड़ता है. गंभीर के मुताबिक ड्रेसिंग रूम में हर खिलाड़ी को टीम मैनेजमेंट का भरोसा और अपने स्थान को लेकर सुरक्षा का एहसास होना जरूरी है.

Advertisement
X
वैभव सूर्यवंशी ने जमकर किया अभ्यास, दूसरे टी20 में मिलेगा चांस? (Photo: PTI)
वैभव सूर्यवंशी ने जमकर किया अभ्यास, दूसरे टी20 में मिलेगा चांस? (Photo: PTI)

वैभव सूर्यवंशी को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में प्लेइंग-11 से बाहर रहे थे. अब शुक्रवार (9 अक्तूबर) को रांची में होने जा रहे दूसरे मुकाबले में भी उन्हें शायद ही मौका मिले. 15 वर्षीय वैभव भले ही अपने मौके का इंतजार कर रहे हों, लेकिन रांची में उन्होंने अपने बल्ले से ऐसा धमाल मचाया कि हर किसी की नजरें उन पर टिक गईं. 

दूसरे टी20 मुकाबले से पहले अभ्यास सत्र में वैभव सूर्यवंशी ने जमकर लंबे शॉट्स लगाए और गेंदों को स्टैंड्स की ओर पहुंचाया. उनके इस आक्रामक अंदाज ने प्लेइंग-11 में जगह पाने की चर्चा को और तेज कर दिया है. वैभव की बल्लेबाजी देखने के लिए नेट्स के आसपास पुलिसकर्मियों और मीडियाकर्मियों की भीड़ जुट गई. युवा बल्लेबाज ने एक के बाद एक बड़े शॉट खेलकर अपनी ताकत दिखाई. टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी वैभव की बैटिंग को एकटक निहारे रहे.

भारतीय टीम ने लखनऊ में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया था. हालांकि, इस मैच में संजू सैमसन का बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उनके इस प्रदर्शन के बाद दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर में बदलाव की संभावना पर चर्चा होने लगी. दूसरी ओर, वैभव सूर्यवंशी नेट्स में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित कर रहे हैं. उनकी बेखौफ शैली और बड़े शॉट लगाने की क्षमता उन्हें एक दिलचस्प विकल्प बनाती है. ऐसे में अगर टीम मैनेजमेंट बदलाव पर विचार करता है, तो वैभव के नाम पर भी चर्चा हो सकती है.

Advertisement

बैटिंग कोच ने प्लेइंग-11 पर क्या कहा?
भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने भी दूसरे टी20 से पहले प्लेइंग-11 को लेकर स्थिति साफ नहीं की. उन्होंने कहा कि टीम अभी तय नहीं हुई है और स्क्वॉड में शामिल हर खिलाड़ी के पास मौका है. कोटक ने कहा, 'अभी टीम तय नहीं हुई है, इसलिए मुझे नहीं पता कि किसके खेलने की कितनी संभावना है. टीम में मौजूद हर खिलाड़ी के पास मौका है.'

सितांशु कोटक के इस बयान ने वैभव सूर्यवंशी के खेलने की संभावनाओं को लेकर सस्पेंस बनाए रखा है. नेट्स में उनका प्रदर्शन भले ही चर्चा का विषय बन गया हो, लेकिन अंतिम फैसला टीम मैनेजमेंट को ही करना है. पांच मैचों की सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 1-0 से आगे है और उसकी कोशिश जीत के साथ बढ़त को 2-0 करने की होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement