न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए माना है कि अगर उन्हें पांच मैचों की टी20 सीरीज में खेलने का मौका मिलता है, तो उन्हें रोकना मुश्किल होगा. हालांकि, कीवी टीम ने 15 साल के इस बल्लेबाज के खिलाफ अपनी तैयारी भी कर रखी है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को खेला जाएगा.
वैभव को इस साल इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में चुने जाने के बाद से खेलने के सीमित मौके मिले हैं. इसकी बड़ी वजह नियमित ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन का शानदार प्रदर्शन रहा है. वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में भी वैभव को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी.
'वैभव को रोकना काफी मुश्किल'
सीरीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैंटनर ने वैभव की बल्लेबाजी पर बात करते हुए कहा कि न्यूजीलैंड की टीम उनकी क्षमता से अच्छी तरह वाकिफ है और उनके खिलाफ रणनीति भी तैयार है.
सैंटनर ने कहा, 'वैभव पिछली सीरीज में नहीं खेले थे, लेकिन हम जानते हैं कि वह कितने अच्छे खिलाड़ी हैं. हमने आईपीएल में उनका प्रदर्शन देखा है. अभिषेक जैसे दूसरे खिलाड़ी भी शानदार खेल रहे हैं. वैभव के पास भारतीय टीम के लिए बड़ी भूमिका निभाने का मौका है, चाहे वह इस सीरीज में हो या भविष्य में.'
उन्होंने आगे कहा, 'अगर उन्हें इस सीरीज में खेलने का मौका मिलता है, तो हमने देखा है कि वह क्या कर सकते हैं. उन्हें रोकना काफी मुश्किल रहा है. इंग्लैंड में भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजों ने शॉर्ट गेंदों का काफी इस्तेमाल किया था. हमने आईपीएल में भी देखा है कि वैभव कितनी आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं. अगर वह खेलते हैं, तो उनके लिए हमारे पास कुछ प्लान हैं.'
The stage is set for an exciting T20I series as New Zealand and India prepare to lock horns 💪 📸: @BLACKCAPS https://t.co/X3CKFr2ue6
— ICC (@ICC) October 21, 2026
भुवनेश्वर की वापसी से न्यूजीलैंड को नई चुनौती
भारतीय टी20 टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की करीब चार साल बाद वापसी पर भी सैंटनर ने अपनी राय रखी. न्यूजीलैंड के कप्तान का मानना है कि स्विंग और सीम मूवमेंट में माहिर भुवनेश्वर को न्यूजीलैंड की परिस्थितियां रास आ सकती हैं.
सैंटनर ने कहा, 'मुझे लगता है कि भुवी को न्यूजीलैंड की परिस्थितियां काफी पसंद आएंगी. अगर पिच पर थोड़ी भी मदद मिलती है, तो वह उसका फायदा उठाते हैं. भारत की सपाट पिचों पर भी उन्होंने गेंद को स्विंग कराया है. यहां नई गेंद से वह हमारे बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं.'
उन्होंने भारत में टी20 क्रिकेट में बड़े स्कोर और उनके आसानी से चेज होने का भी जिक्र किया. सैंटनर ने कहा कि भारत में गेंदबाजों के लिए हालात चुनौतीपूर्ण हो गए हैं और न्यूजीलैंड में भुवनेश्वर को कुछ बेहतर परिस्थितियां मिल सकती हैं.
ये भी पढ़ें - 'अभी सीधे एंट्री नहीं...', वैभव सूर्यवंशी पर श्रेयस अय्यर का साफ संदेश, बताई टीम इंडिया की रणनीति
पिच और मौसम पर भी रहेगी नजर
सैंटनर को उम्मीद है कि टी20 सीरीज में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिलेगा. हालांकि, उन्होंने माना कि पिच और मौसम के हिसाब से परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं.
उन्होंने कहा कि पहले मैच में गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, जबकि दूसरे मुकाबले में उसी पिच के दोबारा इस्तेमाल से बल्लेबाजी आसान हो सकती है. ऐसे में दोनों टीमों को परिस्थितियों के अनुसार अपनी रणनीति बदलनी होगी.
सैंटनर ने भारतीय टीम को मजबूत बताते हुए कहा कि टीम इंडिया लंबे समय से अच्छा क्रिकेट खेल रही है. हालांकि, न्यूजीलैंड में उछाल भरी पिचें भारतीय खिलाड़ियों के लिए घरेलू परिस्थितियों से अलग होंगी. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भारत ने हाल में न्यूजीलैंड को 4-1 से टी20 सीरीज में हराया था.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20 मैचों के बाद पांच वनडे और दो टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे. सैंटनर के मुताबिक, व्यस्त कार्यक्रम और लगातार बदलती परिस्थितियों के बीच दोनों टीमों को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अपने पूरे स्क्वॉड का बेहतर इस्तेमाल करना होगा.