scorecardresearch
 

'मोहम्मद आमिर ढोंगी बाबा है...', पाकिस्तानी क्रिकेटर पर बरस पड़े नवजोत सिंह सिद्धू, VIDEO

मोहम्मद आमिर ने भविष्यवाणी की थी कि भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा. जब भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया तो आमिर ने फिर भविष्यवाणी की. आमिर ने कहा कि इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में भारत को हरा देगी. आमिर की ये भविष्यवाणी भी गलत साबित हो गई है.

Advertisement
X
मोहम्मद आमिर की भविष्यवाणी फिर गलत साबित हुई. (Photo: PTI/Reuters)
मोहम्मद आमिर की भविष्यवाणी फिर गलत साबित हुई. (Photo: PTI/Reuters)

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने मोहम्मद आमिर पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें 'ढोंगी बाबा' कह दिया. भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली, जिसके बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज को लेकर सिद्धू का यह बयान सामने आया.

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया. इसके बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में आमिर की उन भविष्यवाणियों पर निशाना साधा, जिनमें उन्होंने कहा था कि भारत टूर्नामेंट में आगे नहीं बढ़ पाएगा.

यह भी पढ़ें: 'सैमसन का कैच छोड़ बहुत बड़ी गलती की...', सेमीफाइनल में हार के बाद इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक का छलका दर्द

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि कुछ लोगों को झूठी भविष्यवाणी करने की आदत होती है. अगर उनकी बात सही निकल जाए तो वह खुद को बहुत बड़ा ज्ञानी बताने लगते हैं और अगर गलत हो जाए तो उसे महज अनुमान कहकर टाल देते हैं. सिद्धू का मानना है कि मैच की किस्मत भविष्यवाणी से नहीं बल्कि मैदान में तय होती है.

Advertisement

नवजोत सिंह सिद्धू कहते हैं, 'ऐसे लोग खुद को बहुत बड़ा बाबा समझते हैं. पहले कहा गया कि भारत क्वालिफाई भी नहीं करेगा, सेमीफाइनल तक नहीं पहुंचेगा. फिर कहा गया कि वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका आगे जाएंगे. लेकिन दोनों टीमों को बाहर होना पड़ा. कहा गया कि इंग्लैंड सेमीफाइनल जीतेगा, लेकिन वह भी हार गया.'

इससे पहले मोहम्मद आमिर ने भविष्यवाणी की थी कि भारत के लिए सेमीफाइनल तक पहुंचना मुश्किल होगा और बाद में उन्होंने इंग्लैंड की जीत की भविष्यवाणी भी की थी. हालांकि भारत की जीत के बाद आमिर ने कहा कि इंग्लैंड मैच जीत सकता था, लेकिन एक अहम कैच छूटने की वजह से मुकाबला हाथ से निकल गया. आमिर के मुताबिक, अगर हैरी ब्रूक ने संजू सैमसन का कैच पकड़ लिया होता तो इंग्लैंड लक्ष्य हासिल कर सकता था. उन्होंने यह भी माना कि भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार क्रिकेट खेला है और जीत का श्रेय उन्हें ही जाता है.

सेमीफाइनल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर्स में 7 विकेट पर 253 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप के किसी नॉकआउट मैच में सबसे बड़ा स्कोर रहा. भारत के लिए संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे.

Advertisement

रनचेज में इंग्लैंड के लिए जैकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. आखिर में जसप्रीत बुमराह की शानदार डेथ बॉलिंग के चलते इंग्लैंड 246/7 तक ही पहुंच सका और भारत ने 7 रनों से मैच जीत लिया. अब फाइनल में भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा, जहां सूर्या ब्रिगेड खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement