scorecardresearch
 

21 गेंदों में अर्धशतक, 79 रन का पावरप्ले... संजू सैमसन ने रांची में मचाया धमाल, विराट कोहली की बराबरी की

लखनऊ में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में संजू सैमसन सिर्फ 11 रन बना सके थे. हालांकि, भारत ने वह मैच आठ विकेट से जीता था. दूसरे मैच में संजू सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी से आलोचनाओं का जवाब दिया और टीम को तेज शुरुआत दिलाई.

Advertisement
X
संजू सैमसन फॉर्म में लौटे, जड़ा तूफानी अर्धशतक. (Photo: PTI)
संजू सैमसन फॉर्म में लौटे, जड़ा तूफानी अर्धशतक. (Photo: PTI)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुक्रवार (9 अक्टूबर) को रांची में आयोजित टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में संजू सैमसन ने बल्ले से जोरदार प्रदर्शन किया. सीरीज के पहले मैच में सिर्फ 11 रन बनाने वाले संजू ने इस मुकाबले में महज 21 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया. किसी टी20 इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज का संयुक्त रूप से ये सबसे तेज अर्धशतक रहा. विराट कोहली ने भी 2019 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 21 गेंदों पर फिफ्टी लगाई थी.

संजू सैमसन की विस्फोटक बल्लेबाजी का असर टीम इंडिया की शुरुआत पर भी देखने को मिला. भारत ने पावरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 79 रन बनाए, जो टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ उसका अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है. इससे पहले भारतीय टीम ने 2019 में वानखेड़े स्टेडियम में बिना विकेट गंवाए 72 रन बनाए थे.

संजू सैमसन की पारी में आक्रामकता के साथ किस्मत का भी साथ रहा. वह छह रनों के निजी स्कोर पर आउट होने से बच गए, जब तीसरे ओवर में उनका कैच छोड़ दिया गया. इसके बाद 42 रनों के निजी स्कोर पर उन्हें एक और जीवनदान मिला. वेस्टइंडीज को इन गलतियों का खामियाजा जल्द ही भुगतना पड़ा. संजू ने छठे ओवर में रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया.

Advertisement

उन्होंने लगातार दो बाउंड्री लगाते हुए महज 21 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की. संजू सैमसन ने कुल मिलाकर 41 बॉल पर 82 रन बनाए. अपनी इस इनिंग्स में संजू ने 9 चौके और 4 छक्के लगाए. उनके आक्रामक अंदाज ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को शुरुआत से ही दबाव में रखा.

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की चुनौती स्वीकार की. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए चार ओवर में 42 रन जोड़े. अभिषेक ने 12 गेंदों पर 20 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद भी संजू ने रन बनाने की रफ्तार कम नहीं होने दी. इसके बाद उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर भारतीय पारी को आगे बढ़ाया. संजू की तेज शुरुआत ने टीम को बड़े स्कोर की ओर बढ़ने का मौका दिया.

वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. उनका मानना था कि शाम बढ़ने के साथ ओस की स्थिति और मुश्किल हो सकती है. टीम में गुडाकेश मोती को शामिल किया गया, जबकि भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया. संजू की 21 गेंदों में फिफ्टी ने ना सिर्फ विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कराई, बल्कि वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के पावरप्ले रिकॉर्ड को भी नया मुकाम दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement