scorecardresearch
 

कोहली का नाम सुनते ही तिलमिलाए बाबर आजम, प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार को लगाई फटकार, VIDEO

पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जाल्मी की रोमांचक जीत के बाद एक ऐसा पल सामने आया, जिसने मैच से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं. बाबर आजम प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नाराज हो गए, जब उनसे एक पत्रकार ने विराट कोहली से तुलना को लेकर सवाल पूछा.

Advertisement
X
विराट कोहली से तुलना करने पर भड़के बाबर आजम. (Photo: Getty)
विराट कोहली से तुलना करने पर भड़के बाबर आजम. (Photo: Getty)

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में बुधवार (8 अप्रैल) को कराची के नेशनल स्टेडियम में पेशावर जाल्मी का सामना हैदराबाद किंग्समेन से हुआ. इस मुकाबले में बाबर आजम की अगुवाई में पेशावर जाल्मी ने 146 रनों का लक्ष्य छह विकेट खोकर आखिरी गेंद पर हासिल किया.

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने बाबर आजम से पूछा कि उनकी तुलना अक्सर विराट कोहली से की जाती है, लेकिन कोहली मैच फिनिश करने में ज्यादा सफल माने जाते हैं. यह सवाल सुनते ही बाबर बेहद नाराज हो गए. बाबर ने जवाब देते हुए कहा, 'यह यहीं खत्म करें, ऐसी बातें अपने पास रखें. तुलना बंद करें. यह आपकी गलतफहमी है कि मैंने मैच फिनिश नहीं किए.' बाबर का यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैन्स के बीच बहस छिड़ गई.

इस मुकाबले में बाबर आजम ने पेशावर जाल्मी को मजबूत शुरुआत दिलाई. बाबर ने 37 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे. बाबर ने इस दौरान कुसल मेंडिस के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की. हालांकि 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर बाबर आजम के आउट होने के बाद मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया. अंत में इफ्तिखार अहमद (नाबाद 15 रन) की शानदार बल्लेबाजी ने टीम को जीत दिला दी.

Advertisement

PSL 2026 में बाबर का कैसा रहा है प्रदर्शन?
पाकिस्तान सुपर लीग के मौजूदा सीजन में बाबर आजम ने अब तक 2 मैचों में 41.00 की औसत और 126.15 की स्ट्राइक रेट से 82 रन बनाए हैं. इस जीत के साथ पेशावर जाल्मी पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है. अब पेशावर जाल्मी का अगला मुकाबला कराची किंग्स से होना है.

बाबर आजम और विराट कोहली की तुलना लंबे समय से होती रही है. दोनों बल्लेबाज अपनी क्लासिक बल्लेबाजी, निरंतरता और बड़े रिकॉर्ड्स के लिए जाने जाते हैं. 2021 में बाबर ने ODI रैंकिंग में कोहली को पीछे छोड़ा. फिर 2023 सबसे तेज 5000 ODI रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. हालांकि, बाबर कई बार कोहली के प्रति सम्मान जता चुके हैं और उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजो में से एक मानते हैं.

पेशावर जाल्मी की जीत के बावजूद बाबर आजम का यह गुस्सा दिखाता है कि लगातार तुलना का दबाव खिलाड़ियों पर कितना असर डालता है. पीएसएल 2026 में यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है और फैन्स के बीच बहस जारी है कि क्या हर खिलाड़ी की तुलना करना सही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement