Pakistan Cricket Board Salary: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) 2026-27 सेशन के लिए अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा बदलाव करने जा रहा है. नए प्रस्तावित कॉन्ट्रैक्ट्स के तहत टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों की कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
PCB के एक सूत्र ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन और रेड-बॉल हेड कोच सरफराज अहमद सहित एक कमेटी ने नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ब्लूफ्रिंट तैयार कर लिया है.
सूत्र ने बताया कि बोर्ड ने इस बार टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देते हुए ट्रैक-A कैटेगरी के खिलाड़ियों के लिए अधिक वित्तीय प्रोत्साहन देने का फैसला किया है.
प्रपोजल के मुताबिक ट्रैक-A में शामिल खिलाड़ियों की प्रति टेस्ट मैच फीस लगभग 15 लाख पाकिस्तानी रुपये हो सकती है. पिछले कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में यह राशि 8 लाख पाकिस्तानी रुपये थी. इसके अलावा इन खिलाड़ियों का मासिक रिटेनर टैक्स से पहले करीब 40 लाख पाकिस्तानी रुपये रहने की संभावना है.
PCB पहली बार फॉर्मेट आधारित सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लागू कर रहा है. नए ढांचे में खिलाड़ियों को विभिन्न फॉर्मेट के आधार पर अलग-अलग ट्रैक में रखा जाएगा. ट्रैक-A टेस्ट क्रिकेटरों के लिए, ट्रैक-B सीमित ओवरों के खिलाड़ियों के लिए और ट्रैक-C मुख्यत: टी20 और फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए निर्धारित किया गया है.
सूत्र के अनुसार, जो खिलाड़ी टेस्ट और व्हाइट-बॉल दोनों फॉर्मेअ में टीम का हिस्सा होंगे और A तथा B दोनों कैटेगरी में शामिल किए जाएंगे, उन्हें सबसे अधिक फायदा मिलेगा. ऐसे खिलाड़ियों को मैच फीस के अलावा हर महीने लगभग 48 से 50 लाख पाकिस्तानी रुपये तक का रिटेनर मिल सकता है.
PCB ने किया बंपर बोनस का ऐलान
PCB ने खिलाड़ियों के लिए प्रदर्शन आधारित बोनस व्यवस्था को भी और आकर्षक बनाया है. प्रपोजल के तहत यदि पाकिस्तान टीम कोई ICC टूर्नामेंट जीतती है तो खिलाड़ियों को उनकी मैच फीस का 500 प्रतिशत अतिरिक्त बोनस मिलेगा. वहीं एशिया कप जैसे महाद्वीपीय टूर्नामेंट जीतने पर 300 प्रतिशत बोनस देने का प्रावधान रखा गया है.
ट्रैक-B में केवल वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों को हर महीने लगभग 18 लाख पाकिस्तानी रुपये तक का रिटेनर मिलने की उम्मीद है. दूसरी ओर ट्रैक-C में शामिल उन खिलाड़ियों को, जो मुख्यत: टी20 क्रिकेट और फ्रेंचाइजी लीग्स का हिस्सा होंगे, 12 से 15 लाख पाकिस्तानी रुपये मासिक रिटेनर दिया जा सकता है.
दिलचस्प बात यह है कि PCB इस बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले खिलाड़ियों के नाम और उनकी श्रेणियां सार्वजनिक नहीं कर सकता. यदि ऐसा होता है तो पाकिस्तान क्रिकेट में यह पहली बार होगा. बोर्ड के इस संभावित कदम को लेकर पहले ही आलोचनाएं शुरू हो चुकी हैं.
हालांकि PCB ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि नए फॉर्मेट आधारित सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के तहत कुल कितने खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा. बोर्ड की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन संकेत साफ हैं कि टेस्ट क्रिकेट को अधिक महत्व देने के लिए खिलाड़ियों को पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आर्थिक लाभ मिलने वाला है.