बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच मीरपुर के शेर-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. इस मुकाबले के दूसरे दिन (9 मई) ब्रॉडकास्टर से ऐसी गलती हो गई, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया.
दरअसल, दूसरे दिन के पहले सेशन के दौरान जब पाकिस्तान की प्लेइंग-11 स्क्रीन पर दिखाई गई, तो उसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों की जगह भारतीय क्रिकेटर्स के नाम नजर आने लगे. यह देखकर फैन्स भी हैरान रह गए और सोशल मीडिया पर मजेदार रिएक्शन्स की बाढ़ आ गई.
ब्रॉडकास्ट ग्राफिक्स में पाकिस्तान की प्लेइंग-11 में रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और मुकेश कुमार के नाम दिखा दिए गए. यानी पाकिस्तान की जगह पूरी ‘टीम इंडिया’ स्क्रीन पर नजर आ गई.
यह गलती सामने आते ही सोशल मीडिया पर मीम्स और मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा, 'लगता है ग्राफिक्स टीम भी जानती है असली टीआरपी कौन लाता है.' एक फैन ने मजाक में लिखा, 'पाकिस्तान सेलेक्शन कमेटी अब फोटोशॉप पर टीम चुन रही है. वहीं एक यूजर ने लिखा, 'यहां भी रोहित शर्मा कप्तान हैं और विराट कोहली को बाहर कर दिया गया.'
कुछ लोगों ने तो यह तक कह दिया कि शायद यह भारतीय दर्शकों का ध्यान खींचने की कोशिश थी. कई फैन्स इसे साधारण तकनीकी गलती मान रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी गलती आसानी से नहीं हो सकती.
कप्तान शांतो का शानदार शतक
मैच की बात करें तो कप्तान नजमुल हुसैन शांतो के शानदार शतक की मदद से बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 413 रन बनाए. शांतो ने 130 गेंदों में 101 रनों की कप्तानी पारी खेली. वहीं मोमिनुल हक ने 91 और अनुभवी बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम ने 71 रनों का योगदान दिया.
इस टेस्ट मैच में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम घुटने की चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं. पाकिस्तानी कप्तान शान मसूद ने टॉस के समय बताया कि बाबर का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है. साथ ही उन्होंने डेब्यू कर रहे अजान अवैस और अब्दुल्ला फजल की भी तारीफ की.