scorecardresearch
 

NZ vs BAN World Cup LIVE Score: विलियमसन-मिचेल की धाकड़ बैटिंग, न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को हराकर लगाई जीत की हैट्रिक

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के 11वें मैच में में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को आठ विकेट से हरा दिया. बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 246 रनों का टारगेट दिया था, जिसे कीवी टीम ने 43वें ओवर में हासिल कर लिया.

Advertisement
X
केन विलियमसन
केन विलियमसन

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में 13 अक्टूबर (शुक्रवार) को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला खेला गया. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को आठ विकेट से हरा दिया. बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 246 रनों का टारगेट दिया था, जिसे कीवी टीम ने 43वें ओवर में हासिल कर लिया.

न्यूजीलैंड की मौजूदा वर्ल्ड कप में यह लगातार तीसरी जीत रही. कीवी टीम ने क्रिकेट वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शानदार आगाज करते हुए अपने पहले मुकाबले में गत चैम्पियन इंग्लैंड को मात दी थी. फिर अपने दूसरे मैच में कीवी टीम ने नीदरलैंड्स को 99 रनों से करारी शिकस्त दी थी. दूसरी तरफ बांग्लादेश की यह तीन मैचों में दूसरी हार है. बांग्लादेश ने अपने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया था, वहीं इंग्लैंड के खिलाफ उसे 137 रनों से हार झेलनी पड़ी थी.

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में न्यूजीलैंड की जीत के हीरो कप्तान केन विलियमसन और डेरिल मिचेल रहे. विलियमसन ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 108 गेंदों पर 78 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और एक सिक्स शामिल रहा. वहीं डेरिल मिचेल ने 67 गेंदों पर 89 रनों की नाबाद पारी खेली. मिचेल ने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए. न्यूजीलैंड की टीम इस जीत के साथ अंकतालिका में पहले नंबर पर स्थान पर पहुंच गई है.

Advertisement

न्यूजीलैंड की पारी के हाइलाइट्स
पहला विकेट: रचिन रवींद्र (9) आउट मुस्तफिजुर रहमान
दूसरा विकेट: डेवोन कॉन्वे (45) आउट शाकिब अल हसन

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट पर 245 रन बनाए थे. बांग्लादेश की शुरुआत काफी खराब रही और उसने 56 रनों के स्कोर तक चार विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद कप्तान शाकिब अल हसन और अनुभवी बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम ने 96 रन जोड़कर पारी को संभाला. रहीम ने 76 गेंदों पर 66 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दो सिक्स शामिल रहे. वहीं शाकिब ने तीन चौके और दो छक्के की मदद से 40 रनों की पारी खेली.

आखिरी ओवरों में महमूदुल्लाह ने कुछ बड़े शॉट्स लगाकर बांग्लादेशी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की. महमूदुल्लाह ने 49 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और इतने ही चौके शामिल थे. न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्यूसन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए. वहीं ट्रेंट बोल्ट और मैट हेनरी को दो-दो विकेट मिला.

बांग्लादेश की पारी के हाइलाइट्स (245/9)
पहला व‍िकेट: ल‍िटन दास (0) आउट ट्रेंट बोल्ट  
दूसरा व‍िकेट: तंजीद हसन (16) आउट लॉकी फर्ग्यूसन
तीसरा विकेट: मेहदी हसन मिराज (30) आउट लॉकी फर्ग्यूसन
चौथा विकेट: नजमुल हुसैन शंतो (7) आउट ग्लेन फिलिप्स
पांचवां विकेट: शाकिब अल हसन (40) आउट लॉकी फर्ग्यूसन
छठा विकेट: मुश्फिकुर रहीम (66) आउट मैट हेनरी
सातवां विकेट: तौहीद हृदोय (13) आउट ट्रेंट बोल्ट
आठवां विकेट: तस्कीन अहमद (17) आउट मिचेल सेंटनर
नौवां विकेट: मुस्तफिजुर रहमान (4) आउट मैट हेनरी

Advertisement

बांग्लादेश की प्लेइंग-11: तंजीद हसन, लिटन दास, नजमुल हुसैन शंतो, शाकिब अल हसन (कप्तान), मेहदी हसन मिराज, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), तौहीद हृदोय, महमूदुल्लाह, तस्कीन अहमद, शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान.

न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11: डेवोन कॉन्वे, रचिन रवींद्र, ​​केन विलियमसन (कप्तान), डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, मिचेल सेंटनर, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement