टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 6 मैचों की वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका रवाना हो चुके हैं. धोनी जिस फ्लाइट में जा रहे थे उसी में पूर्व अफ्रीकी दिग्गज जोंटी रोड्स का परिवार भी था, जिसके बाद धोनी ने जोंटी के दोनों बच्चों के साथ तस्वीर खिंचवाई.
जोंटी रोड्स ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस खूबसूरत फोटो को शेयर किया है. जोंटी ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'जब दो शानदार महीने साथ बिताने के बाद परिवार जा रहा होता है, तो चिंता होती है, लेकिन मुझे कोई डर नहीं क्योंकि मेरे बच्चे धोनी के सुरक्षित हाथों में हैं. धोनी मेरी बेटी 'इंडिया' और बेटे 'नाथन जॉन' से साउथ अफ्रीका में खेलने की सलाह ले रहे हैं. 'मुझे पता है' धन्यवाद माही.'
There are always feelings of concern when family leaves after 2 incredible months together, but I need not have feared; as they were in safe hands getting some advice from India and Nathan Jon on how to play in SA - he told them “mujhe pata hai” dhanyavaad Mahi
— Jonty Rhodes (@JontyRhodes8)
आपको बता दें कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 1 फरवरी से वनडे सीरीज शुरू हो रही है और इस सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम में शामिल धोनी समेत टीम इंडिया के अन्य क्रिकेटर्स जोहानिसबर्ग के लिए रवाना हो गए. अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल भी धोनी के साथ फ्लाइट में थे.
फिलहाल विराट की कप्तानी वाली टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहानिसबर्ग में तीसरा टेस्ट खेलने में व्यस्त है. 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया 0-2 से पीछे चल रही है. ऐसे में उसका लक्ष्य आखिरी मैच को जीत कर आगामी वनडे सीरीज से पहले अपने खोए आत्मविश्वास को दोबारा हासिल करने का है.