लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मिचेल स्टार्क की आईपीएल में एंट्री तय हो गई है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) ने इस घातक तेज गेंदबाज को खेलने की मंजूरी दे दी है. अब सभी की निगाहें 1 मई पर टिकी हैं, जब वह दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के लिए राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं. चोट और विवादों के बाद स्टार्क की यह वापसी दिल्ली के लिए सीजन का टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है.
कोहनी और कंधे की चोट के चलते स्टार्क जनवरी से मैदान से दूर थे, लेकिन अब उनकी वापसी की तस्वीर साफ होती दिख रही है. एशेज सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ बने इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने उसके बाद बिग बैश लीग में सिडनी सिक्सर्स के लिए कुछ मुकाबले जरूर खेले, लेकिन पूरी फिटनेस हासिल करने में वक्त लगा.
क्रिकेट डॉट कॉम ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, स्टार्क अब भारत में कड़ा अभ्यास करेंगे और सीधे मैच खेलने की तैयारी में जुटेंगे. अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो राजस्थान के खिलाफ मुकाबला इस सीजन में उनका पहला आईपीएल मैच होगा और दिल्ली के लिए बड़ी राहत भी.
शुरुआती मैचों से उनकी गैरमौजूदगी ने विदेशी खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता पर बहस छेड़ दी थी. सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बीच स्टार्क को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी थी, जिसमें उन्होंने इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताया था.
पिछले सीजन में स्टार्क ने दिल्ली के लिए 11 मैचों में 14 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी. इस बार टीम का प्रदर्शन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है. छह मैचों में 3 जीत और 3 हार के साथ दिल्ली अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. ऐसे में स्टार्क की वापसी गेंदबाजी आक्रमण को नई धार दे सकती है.
इस बीच ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस भी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इस सीजन का पहला मैच खेलने के करीब हैं, जबकि जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों में अनुपस्थित रहने के बाद रॉयल चैसेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन में वापसी कर चुके हैं. अब सबकी नजरें स्टार्क की वापसी पर टिकी हैं.. क्योंकि अगर उनका ‘फायर’ चला, तो दिल्ली की किस्मत भी बदल सकती है.