Tractor on cricket pitch: एक ओर जहां देशभर में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच चरम पर है, वहीं महाराष्ट्र के जलगांव जिले से क्रिकेट को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. धरनगांव में आयोजित जलगांव रूरल एमएलए कप (Jalgaon Rural MLA Cup) क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुरू होने से पहले ही विवाद की भेंट चढ़ गया.
जानकारी के मुताबिक, फाइनल मैच से ठीक पहले एक व्यक्ति ने राजनीतिक विवाद के चलते क्रिकेट पिच पर ट्रैक्टर चला दिया. देखते ही देखते पूरी पिच को जोत दिया गया, जिससे मैच कराना असंभव हो गया. इस घटना ने खिलाड़ियों, आयोजकों और स्थानीय दर्शकों को स्तब्ध कर दिया.
बताया जा रहा है कि यह विवाद स्थानीय राजनीतिक खींचतान का नतीजा है. हालांकि घटना के पीछे का सटीक कारण अभी साफ नहीं हो पाया है, लेकिन इस तरह खेल में राजनीति के हस्तक्षेप ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद अब तक पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना खेल भावना के खिलाफ है और इससे क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ावा देने की कोशिशों को झटका लगा है. जिस मंच पर युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाने का सपना लेकर आए थे, वहां इस तरह का हंगामा बेहद निराशाजनक है.
इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या स्थानीय स्तर पर खेल आयोजन भी अब राजनीतिक विवादों से अछूते नहीं रहे हैं.
जब ट्रैक्टर आया मैदान में तब क्या था स्कोर
वायरल वीडियो के अनुसार स्कोरकार्ड में CLASS ONE 11 की टीम ने 7.5 ओवर में 56 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे. बल्लेबाजी में हर्षल पी. ने 21 रन बनाकर, वहीं विशाल पी. 9 रन पर खेल रहे थे. गेंदबाजी में प्रज्वल आर. ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट ले चुके थे. मैच संतुलित स्थिति में नजर आ रहा था, लेकिन अचानक मैदान पर हुए हंगामे ने खेल को प्रभावित कर दिया और मुकाबला रुक गया.