टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर हैं. उन्हें ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ वनडे सीरीज से वापसी करनी थी, लेकिन कमबैक टल गया. अब वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज का भी हिस्सा नहीं होंगे. इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव ने हार्दिक की फिटनेस को लेकर सीधी सलाह दी है.
कपिल देव के मुताबिक नियमित रूप से मैदान पर उतरने से शरीर पूरी तरह फिट रहता है और अचानक बढ़े हुए वर्कलोड से होने वाली चोटों का खतरा कम किया जा सकता है. हार्दिक को लगातार क्रिकेट खेलने के लिए क्या करना चाहिए, इस सवाल पर कपिल देव ने TOI से कहा, 'ज्यादा क्रिकेट खेलो.'
जब कपिल देव पूछा गया कि क्या हार्दिक पंड्या कम क्रिकेट खेल रहे हैं, तो उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता. आप ज्यादा खेलते हैं तो आपका शरीर उसी के हिसाब से ढल जाता है. लेकिन अगर आप कम खेलते हैं और अचानक ज्यादा खेलने लगते हैं, तो चोट लगने की संभावना बढ़ जाती है. अगर आपकी मांसपेशियां ठीक हैं, तो चोटें कम होती हैं.'
कपिल देव की बात का सीधा संबंध हार्दिक पंड्या की मौजूदा स्थिति से है. उनका रिटर्न-टू-प्ले 20 सितंबर के लिए तय किया गया था, लेकिन वापसी नहीं हो सकी. अब न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होनी है और हार्दिक पंड्या इसमें भी उपलब्ध नहीं रहेंगे.
हर्षित-प्रसिद्ध की इंजरी ने भी बढ़ाई टेंशन
भारतीय टीम इस समय केवल हार्दिक पंड्या की फिटनेस को लेकर परेशान नहीं है. तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा कम से कम तीन सप्ताह के लिए बाहर हो चुके हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में उनका खेलना मुश्किल है. हर्षित राणा भी पूरी तरह फिट नहीं हैं. हर्षित चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज और एशियन गेम्स से बाहर हुए थे. बेंगलुरु स्थित BCCI (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिकवरी के दौरान उनकी बाईं जांघ के क्वाड्रिसेप्स में हल्का दर्द उभर आया. ऐसे में न्यूजीलैंड दौरे के लिए उनके चयन पर भी संशय है.
पिछले कुछ वर्षों में क्रिकेट का शेड्यूल काफी व्यस्त हुआ है और खिलाड़ियों पर तीनों फॉर्मेट के अलावा फ्रेंचाइजी क्रिकेट का भी दबाव रहता है. इसी संदर्भ में कपिल देव ने अपने दौर के क्रिकेट से तुलना की. उन्होंने पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल की बात का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी, क्लब क्रिकेट और दूसरे घरेलू मुकाबले लगातार खेलते थे.
कपिल देव ने कहा, 'संदीप पाटिल ने इसे बहुत अच्छी तरह कहा था. हमारे समय में हम रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी, क्लब क्रिकेट और दूसरी क्रिकेट भी खेलते थे. 365 दिनों में अगर आप 250 दिन खेल सकते हैं, तो आप खेल में बने रहते हैं.'