इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के चौथे मुकाबले में 31 मार्च (मंगलवार) को पंजाब किंग्स (PBKS) ने गुजरात टाइटन्स (GT) पर 3 विकेट से जीत हासिल की. मुल्लांपुर के महाराज यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में पंजाब किंग्स को जीत के लिए 163 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने पांच गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.
पंजाब किंग्स की जीत के हीरो ऑस्ट्रेलिया के कूपर कोनोली रहे, जिन्होंने 5 छक्के और 5 चौके की मदद से 44 बॉल पर नाबाद 72 रन बनाए. बैटिंग ऑलराउंडर कोनोली का ये आईपीएल में डेब्यू मुकाबला था. अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने गदर काट दिया और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए.
पंजाब किंग्स की गुजरात टाइटन्स पर जीत के बावजूद कप्तान श्रेयस अय्यर को स्लो ओवर रेट की वजह से भारी कीमत चुकानी पड़ी है. पंजाब किंग्स ने इस मैच के दौरान निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं किए. आईपीएल की आचार संहिता (Code of Conduct) के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह टीम की इस सीजन की पहली गलती थी. इसी के चलते पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेस अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
श्रेयस अय्यर पर कब लग सकता है बैन?
पंजाब किंग्स से अगर दूसरी बार इस सीजन में स्लो ओवर रेट का अपराध होता है, तो श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही टीम के सदस्यों पर 6 लाख रुपये या या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया जाएगा.
कप्तानों पर बैन का नियम खत्म
अब कप्तानों पर एक सीजन में तीन बार ओवर-रेट से जुड़ी गलती करने पर एक मैच का बैन लगाने का पुराना नियम खत्म कर दिया गया. इसकी बजाय अब सजा के तौर पर सिर्फ जुर्माना और मैच के दौरान फील्ड पर कुछ पाबंदियां लगाई जाएंगी, जिससे बार-बार गलती करने पर भी कप्तान के तुरंत सस्पेंड होने का खतरा कम हो गया है.