लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपनी पहली जीत हासिल की. 5 अप्रैल (रविवार) को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 5 विकेट से हराया. मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 157 रनों के लक्ष्य को एक गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. कप्तान ऋषभ पंत ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 68 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई.
आखिरी ओवर में जब टीम को 9 रनों की जरूरत थी, तब ऋषभ पंत ने तीन चौके लगाकर मैच खत्म कर दिया. जैसे ही जीत का चौका लगा, कैमरा स्टैंड में बैठे लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका पर गया. गोयनका काफी भावुक नजर आए और तालियां बजाते दिखे. बाद में गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत को गले से लगाया और उनका उत्साहवर्धन किया.
लखनऊ सुपर जायंट्स को मौजूदा सीजन में अपने पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी. उस मैच में हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका की कप्तान ऋषभ पंत के साथ तीखी बातचीत हुई थी. गोयनका कप्ता पंत और हेड कोच जस्टिन लैंगर से कुछ कहते नजर आए थे, जबकि ऋषभ पंत भी अपनी बात रखते दिखे थे.
लक्ष्य का पीछा करते हुए एडेन मार्करम (45) ने लखनऊ सुपर जायंट्स को तगड़ी शुरुआत दी, वहीं ऋषभ पंत ने पारी को संभाला. खास बात यह रही कि ऋषभ पंत ने अपनी स्वाभाविक आक्रामकता को नियंत्रित करते हुए जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की और अंत में मैच फिनिश किया. यह जीत लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए काफी अहम रही, क्योंकि टीम को पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था. इस जीत से टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा.